Awaaz24x7-government

किच्छा रोड पर बड़ा सड़क हादसा! चलती बाइक पर पलटा ट्राला! एक की मौत, एक गंभीर

Major road accident on Kichha Road! Trolley overturns on moving bike! One dead, one serious

किच्छा। नैनीताल-बरेली राजमार्ग शनि मंदिर के आगे एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसकी चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को किच्छा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ट्राले को क्रेन से उठाकर बमुश्किल दोनों बाइक सवारों को बाहर ट्राले के नीचे से निकाला गया। पुलिस टीम ने आम लोगों की मदद से दोनों लोगों को रेस्क्यू किया। दोनों को गंभीर अवस्था में किच्छा सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया है, जबकि एक का इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार जहवारनगर शांतिपुरी निवासी 30 वर्षीय छात्र नेता धन सिंह मेहरा पुत्र जीत सिंह मेहरा अपने साथी पजावा रामपुर उत्तर प्रदेश निवासी 36 वर्षीय इस्लाम पुत्र छुन्नम के साथ शनिवार दोपहर बाइक संख्या यूके 06ए एक्स 9125 पर किच्छा से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे। करीब 12 बजे हल्द्वानी बाईपास पर शनि मंदिर के निकट हल्द्वानी की ओर से आ रहा दस टायरा ट्राला संख्या यूके 06सीबी 4647 अचानक अनियंत्रित होकर बाइक के ऊपर पलट गया। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। आनन फानन में लोगों ने मौके पर क्रेन मंगवाई। क्रेन की मदद से ट्राले को हटाकर दोनों बाइक सवारों को ट्राले के नीचे से निकाला गया। तब तक छात्र नेता धन सिंह की मौत हो चुकी थी। जबकि इस्लाम गंभीर रूप से घायल था उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सैंटर रैफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, विधायक प्रतिनिधि गौरव बेहड़ समेत तमाम लोग मौके पर पहुंच गये। हादसे में छात्र नेता धन सिंह की मौत से छात्र नेताओं में शोक की लहर दौड़ गयी। छात्र नेता धन सिंह का रूद्रपुर महाविद्यालय की छात्र राजनीति में अच्छा खासा वर्चस्व रहता था। दुर्घटना में धन सिंह की मौत की सूचना पर कई छात्र नेता भी किच्छा पहुंच गये। उन्होंने घटना पर शोक व्यक्त किया।