नैनीताल के ताकुला में बड़ा सड़क हादसा! हल्द्वानी से आ रही कार 300 मीटर गहरी खाई में गिरी, चार लोग घायल
नैनीताल। नैनीताल में ताकुला के पास एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रही एक कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को खाई से रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार हल्द्वानी से आ रही ग्रे कलर की आई10 कार संख्या यूके 07 एएम 7810 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार कई बार पलटते हुए खाई में जा पहुंची। हादसे के वक्त कार में चार लोग सवार थे, जिनकी पहचान 28 वर्षीय नवीन चंद्र, 66 वर्षीय कैलाश चंद्र, 23 वर्षीय नितेश और 63 वर्षीय देवी दत्त के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों पिथौरागढ़ और टिहरी गढ़वाल के रहने वाले हैं और किसी काम से नैनीताल हाईकोर्ट जा रहे थे।दुर्घटना की सूचना मिलते ही ताकुला निवासी बसंत मेहरा ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर खाई में उतरकर घायलों का रेस्क्यू शुरू किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की। सभी घायलों को एंबुलेंस और तल्लीताल कोतवाली के वाहन से तत्काल नैनीताल के बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद एक्स-रे समेत अन्य आवश्यक जांच के लिए भेजा है।