देवघर में बड़ी कार्रवाई: बलथर की मुखिया सुनीता देवी के ठिकानों पर इनकम टैक्स का छापा,सुबह 6 बजे से खंगाल जा रहे दस्तावेज
देवघर। बाबा नगरी देवघर से इस वक्त की एक बहुत बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत बलथर पंचायत की मुखिया सुनीता देवी के ठिकानों पर आयकर विभाग ने शनिवार तड़के एक साथ छापेमारी की है। बिहार और झारखंड के आयकर अधिकारियों की संयुक्त टीम सुबह से ही मुखिया के अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेज खंगालने और वित्तीय लेन-देन की जांच में जुटी हुई है। इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय राजनीतिक गलियारों और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच हड़कंप मच गया है।
नियत जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की यह बड़ी कार्रवाई शनिवार सुबह करीब 6:00 बजे बेहद गोपनीय तरीके से शुरू हुई, जो समाचार लिखे जाने तक लगातार जारी थी। आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें पूरी तैयारी के साथ देवघर पहुंची थीं। टीम ने मुखिया सुनीता देवी के बलथर गांव स्थित पैतृक आवास और देवघर शहर के पॉश इलाके बैजनाथपुर मोहल्ले में स्थित उनके निजी आवास पर एक साथ धावा बोला। अधिकारियों की टीम चार-चार चमचमाती इनोवा वाहनों के काफिले के साथ दोनों ठिकानों पर पहुंची, जिससे तड़के सुबह ही पूरे इलाके में हलचल बढ़ गई। कार्रवाई की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के बेहद कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। छापेमारी वाले दोनों ही स्थानों पर एक दर्जन से अधिक वरिष्ठ आयकर अधिकारी मौजूद हैं, जिनकी सुरक्षा के लिए सशस्त्र सीमा बल के जवानों को तैनात किया गया है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को घर के अंदर जाने या अंदर से बाहर आने की इजाजत नहीं दी जा रही है। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बलथर स्थित पैतृक आवास पर मौजूद मुखिया सुनीता देवी से आयकर विभाग के अधिकारियों ने बंद कमरे में कई घंटों तक पूछताछ की है। उनके बैंक खातों, अचल संपत्तियों, हाल के वर्षों में हुए बड़े वित्तीय लेन-देन और पंचायत के विकास कार्यों से जुड़े फंड्स के दस्तावेजों की बारीकी से स्क्रूटनी की जा रही है। चर्चा है कि यह पूरी कार्रवाई बिहार से जुड़े किसी बड़े आयकर मामले या संदिग्ध लेन-देन की जांच के सिलसिले में की जा रही है। हालांकि, इस रेड को लेकर आयकर विभाग के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान या प्रेस नोट जारी नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही जब्ती सूची और मामले की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।जैसे ही ग्रामीणों और शहर के लोगों को मुखिया सुनीता देवी के घर पर इनकम टैक्स की रेड पड़ने की भनक लगी, वैसे ही बलथर गांव और बैजनाथपुर स्थित आवास के बाहर स्थानीय लोगों और राजनीतिक समर्थकों की भारी भीड़ जाना हो गई। पूरे देवघर जिले में दिनभर इस छापेमारी को लेकर तरह-तरह की अटकलें और चर्चाएं तेज रहीं। अब देखना दिलचस्प होगा कि देर शाम तक चलने वाली इस मैराथन जांच में आयकर विभाग के हाथ कौन से बड़े राज या बेनामी संपत्ति के दस्तावेज लगते हैं।