अंतिम विदाईः रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसैलाब! NCPA ग्राउण्ड में नेताओं, खिलाड़ियों और फिल्मी सितारों का लगा तांता, भारत रत्न के लिए रिजोल्यूशन पारित

Last farewell: Crowd gathered to pay tribute to Ratan Tata! Leaders, players and film stars gathered at NCPA ground, resolution passed for Bharat Ratna.

नई दिल्ली। टाटा ग्रुप के मुखिया रतन टाटा अब इस दुनिया में नहीं रहे। 86 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कहा। बुधवार रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। यहां उन्हें कुछ दिन पहले उम्र संबंधी दिक्कतों की वजह से भर्ती कराया गया था। बुधवार रात ही उनके पार्थिव शरीर को अस्पताल से घर लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को मुंबई के नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स हॉल में रखा गया है। उनके निधन पर महाराष्ट्र में राजकीय शोक घोषित किया गया है, आज देर शाम को राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। वहीं रतन टाटा के निधन के बाद उनका नाम देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न के लिये प्रस्तावित कर दिया गया है। महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार ने आज कैबिनेट बैठक में इस पर चर्चा की, कि रतन टाटा का नाम भारत रत्न पुरस्कार के लिए प्रस्तावित किया जाना चाहिए और बाद में यह पारित भी किया गया। कैबिनेट बैठक के दौरान रतन टाटा की याद में शोक प्रस्ताव भी पारित किया गया।