पत्नी के अत्याचार से हार गया हूं, मेरे मरने का समय...! वीडियो बनाकर इंजीनियर ने किया सुसाइड
गोरखपुर। यूपी के गोरखपुर जिले के एम्स थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 33 वर्षीय प्रद्युम्न कुमार यादव के रूप में हुई है। इस मामले में एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक ने पारिवारिक तनाव और पत्नी द्वारा कथित उत्पीड़न से मानसिक रूप से परेशान होने की बात कही है। फिलहाल पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार प्रद्युम्न कुमार यादव कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के वेलवा पलकधारी गांव के रहने वाले थे और मध्यप्रदेश की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार देर शाम गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र स्थित बुढ़िया माता मंदिर के पास उनकी मौत की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। घटना से पहले रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में प्रद्युम्न ने अपने जीवन में चल रहे तनावपूर्ण हालात का जिक्र किया है। वीडियो में उन्होंने परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और मानसिक पीड़ा का उल्लेख करते हुए पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
साथ ही अपने बड़े भाई और माता-पिता के लिए भावुक संदेश भी छोड़ा है। वीडियो में उसने कहा- मेरे मरने का समय नहीं, पर पत्नी के अत्याचार से जीने की इच्छा भी नहीं है। इसलिए मुझे कोई यह न कहे कि मैं बेसमय मर गया। बड़े भाई, तुम मां-बाप को एहसास न होने देना कि उसका एक बेटा नहीं है। हर मां-बाप की उम्मीद होती है कि बेटा बुढ़ापे का सहारा बने लेकिन पत्नी के दिए दुःख के आगे मैं उनका दुःख भूल गया। अब यही एक आखिरी रास्ता है। उसने आगे कहा, मैं हार गया जिंदगी से। इसकी वजह कोई और नहीं बल्कि मेरी पत्नी है जिसने कभी नई जिंदगी की शुरुआत के लिए हाथ थामा था। उसने दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया और फिर मैं टूटता चला गया। इस कदर टूटा कि मैंने अपनी जिंदगी ही खत्म कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रद्युम्न स्वभाव से शांत और जिम्मेदार व्यक्ति थे। उनके अचानक इस तरह चले जाने की खबर से गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन इस घटना से गहरे सदमे में हैं। एम्स थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि परिजनों की ओर से कोई तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।