महाराष्ट्र के पालघर में भीषण सड़क हादसा: बारातियों से भरा टैम्पो कंटेनर से टकराया! 12 की मौत, मातम में बदलीं शादी की खुशियां

Horrific road accident in Palghar, Maharashtra: A tempo full of wedding guests collides with a container! 12 dead, wedding celebrations turn into mourning.

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारातियों से भरा एक टाटा टैम्पो सामने से आ रहे कंटेनर से भीषण रूप से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग वाहन में ही फंस गए। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत की खबर है, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि 20 से 25 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन की तरफ से अभी मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। यह हादसा पालघर जिले के धानीवरी इलाके में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारातियों से भरे वाहन में 100 से अधिक लोग सवार थे। सभी एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से सामने से आ रहे कंटेनर और टैम्पो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद वाहन के परखच्चे उड़ गए और आसपास चीख-पुकार गूंज उठी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर दौड़े और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत पास के कासा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कई घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया और काफी मशक्कत के बाद यातायात को दोबारा सुचारु कराया। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।