खौफनाक मर्डर: बीमे के 20 लाख और आशिकी के चक्कर में पति का कत्ल,पहले दूध में दी नींद की गोली, फिर बिस्तर पर दो बार सांप से कटवाया,कातिल पत्नी समेत 4 गिरफ्तार

Horrific Murder: Husband killed for ₹20 lakh insurance payout and due to an illicit affair; first given a sleeping pill in milk, then made to suffer two snakebites while in bed; four arrested, includ

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। हस्तिनापुर के जे ब्लॉक कॉलोनी में रहने वाली एक कलयुगी पत्नी ने अपने प्रेमी और स्कूल बस ड्राइवर के साथ मिलकर अपने ही पति की रूह कंपा देने वाली साजिश के तहत हत्या कर दी। कातिल पत्नी ने पहले पति को नींद की गोलियां दीं और फिर सोते समय दो बार जहरीले सांप से डसवाकर उसकी जान ले ली। हत्या को पूरी तरह प्राकृतिक 'सर्पदंश' का रूप देने के लिए जिंदा सांप को बिस्तर पर ही छोड़ दिया गया था। हालांकि, मेरठ पुलिस की पैनी नजर और डिजिटल जांच के सामने यह शातिर 'स्क्रिप्ट' चंद घंटों में ही ढह गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और सांप सप्लाई करने वाले दो सपेरों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि मूल रूप से भंडोरा (बहसूमा) के रहने वाले मृतक अतुल कुमार पंवार (32) ने साल 2019 में दामिनी भड़ाना से प्रेम विवाह किया था। दोनों अपने 6 साल के मासूम बेटे मानिक के साथ जे ब्लॉक कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे और तीन महीने पहले ही दोनों ने मिलकर कस्बे में 'कृष्णा किड्स प्ले स्कूल' शुरू किया था। इसी स्कूल में कोहला (मवाना) निवासी तुषार बस ड्राइवर के तौर पर काम करता था। स्कूल संचालन के दौरान ही दामिनी और तुषार के बीच अवैध संबंध बन गए। जब अतुल को इस बात की भनक लगी और वह रास्ते का रोड़ा बनने लगा, तो दोनों ने उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली। एसएसपी अविनाश पांडेय और एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि इस मर्डर के पीछे सिर्फ आशिकी नहीं, बल्कि मोटी रकम का लालच भी था। अतुल ने हाल ही में एक कंपनी से अपना 20 लाख रुपये का बीमा (Insurance) कराया था। दामिनी ने यह बात अपने प्रेमी तुषार को बताई। दोनों ने योजना बनाई कि अतुल की मौत के बाद बीमे के 20 लाख रुपये ऐंठकर वे नई जिंदगी शुरू करेंगे और तुषार अपनी पत्नी को तलाक दे देगा। इस घिनौने काम के लिए तुषार ने हस्तिनापुर के दो सपेरों—सोनू और उदय कुमार को शामिल किया। सपेरों को एडवांस के तौर पर 15 हजार रुपये नकद दिए गए और यह तय हुआ कि बीमे की रकम मिलते ही उन्हें 5 लाख रुपये दिए जाएंगे।

साजिश के तहत, गुरुवार रात को तुषार ने बाजार से नींद की गोलियां लाकर दामिनी को दीं, जिसे दामिनी ने खाने (दूध) में मिलाकर अतुल को खिला दिया। जब अतुल गहरी नींद में सो गया, तो रात करीब 2 बजे तुषार सपेरे उदय को लेकर घर के अंदर दाखिल हुआ। सपेरे ने सो रहे अतुल के हाथ और पैर पर सांप से दो बार कटवाया। इसके बाद शातिरों ने सांप को बिस्तर पर ही छोड़ दिया और फरार हो गए। खुद पर शक न हो, इसलिए दामिनी गर्मी का बहाना बनाकर रात में ही अपने बेटे के साथ कमरे से बाहर सोने चली गई थी। सुबह वह चाय लेकर कमरे में गई और अतुल को मृत पाकर जोर-जोर से रोने का नाटक करने लगी। शोर सुनकर आए पड़ोसियों ने बिस्तर पर बैठे सांप को लाठियों से मार गिराया। डॉक्टर ने अस्पताल में अतुल को मृत घोषित कर दिया और पहली नजर में यह मामला सामान्य सांप काटने का लगा। मृतक के पिता अजब सिंह ने शुरुआत से ही अपनी बहू पर शक जताया और पुलिस में शिकायत की। सीओ मवाना पंकज लवानिया और फोरेंसिक टीम ने जब घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया, तो कई झोल नजर आए। पुलिस ने जब दामिनी का मोबाइल चेक किया तो उसमें तुषार के साथ कई संदेहास्पद कॉल डिटेल्स मिलीं। कड़ाई से पूछताछ में दामिनी टूट गई और उसने सब उगल दिया। इसके बाद पुलिस ने मवाना से प्रेमी तुषार को दबोचा। तुषार के व्हाट्सएप चैट से सपेरे से हुई बातचीत और सांप की तस्वीरें बरामद हुईं। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि 20 दिन पहले इन दोनों ने अतुल को कार से कुचलकर मारने की कोशिश भी की थी, लेकिन तब अतुल मामूली रूप से घायल होकर बच गया था। फिलहाल पुलिस चारों आरोपियों को जेल भेज रही है, और मासूम मानिक को उसके दादा के सुपुर्द कर दिया गया है।