नैनीताल में होली महोत्सव का आगाज! राम सेवक सभा के जुलूस में दिखी कुमाऊं की रंगत, दिया सामाजिक संदेश

Holi festival begins in Nainital! The Ram Sevak Sabha procession showcases Kumaon's colors and carries a social message.

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में होली का खुमार अब साफ नजर आने लगा है। होली महोत्सव के आगाज के साथ पूरा शहर रंगों और उल्लास में डूबता दिख रहा है। आज राम सेवक सभा की ओर से नगर में भव्य होली जुलूस निकाला गया, जिसमें हल्द्वानी, रामनगर और भीमताल समेत आसपास के क्षेत्रों से आई दस से अधिक महिला होल्यारों की टीमों ने प्रतिभाग किया। जुलूस में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा में नजर आए। माल रोड पर पारंपरिक होली गायन और स्वांग प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कलाकारों ने समाज में व्याप्त कुरीतियों से दूर रहने का संदेश भी दिया। खास बात यह रही कि स्वांग के माध्यम से जिले में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को भी दर्शाया गया। झांकियों में दिखाया गया कि रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जंगल जाने वाली महिलाओं को किस तरह खतरे का सामना करना पड़ता है। नैनीताल पहुंचे पर्यटकों ने भी इस सांस्कृतिक आयोजन का जमकर आनंद लिया। होली के रंगों के साथ सामाजिक सरोकारों का यह संगम लोगों को खासा आकर्षित कर रहा है।