उत्तराखंड राज्य में भारी बारिश जारी! आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचे सीएम धामी
उत्तराखंड में भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए सीएम पुष्कर धामी राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचे हैं। जहां सीएम धामी वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। खासकर चारधाम यात्रा और मार्ग को लेकर अधिकारियों से जानकारी ले रहे हैं। बता दें कि मौसम विभाग ने बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर भारी बारिश हो रही है।
उत्तराखंड में भारी बारिश जारी है। लिहाजा, मौसम विभाग ने भी रेड अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर मलबा आने से सड़कें बाधित हो गई है। भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून में सचिवालय स्थित राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचे हैं जहां वे अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। उत्तराखंड में प्री मॉनसून का असर दिखाई देने लगा है। प्रदेशभर में पिछले करीब 12 घंटों से कई जगहों पर लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। देहरादून में भी हल्की बूंदाबांदी हो रही है। उधर मौसम विभाग ने देहरादून समेत प्रदेश के कुछ क्षेत्रों के लिए अलर्ट भी जारी किया है। देहरादून में मौसम विभाग ने बिजली चमकने के साथ तेज बौछारें आने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा गढ़वाल और कुमाऊं दोनों ही मंडलों में भी कई हिस्से बारिश के कारण प्रभावित रहेंगे। हालांकि करीब पिछले 72 घंटों से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। देहरादून हरिद्वार समेत तमाम मैदानी जिलों के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी आसमान में बादल दिखाई दिए हैं। रविवार सुबह को भी मौसम का यही रूप देखने को मिला है. देर रात से ही बारिश का सिलसिला जारी है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश हो रही है। देहरादून के साथ टिहरी पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में भी बारिश की चेतावनी दी गई है। दूसरी तरफ चारधाम यात्रा क्षेत्रों में खासतौर पर प्रशासन की ओर से सतर्कता बरती जा रही है। यात्रा क्षेत्रों में जिला प्रशासन को अलर्ट किया गया है। साथ ही आपदा प्रबंधन की तरफ से भी अलर्ट मोड पर रहने के लिए कहा गया है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के बाद एसडीआरएफ की टीम भी अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील यात्रा मार्गों पर मार्ग बंद होने की स्थिति में उसे खोलने के लिए भी अतिरिक्त व्यवस्थाएं करने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही नदी के किनारे रहने वाले लोगों को भी अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। वहीं बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों ने भारी गर्मी से जरूर राहत की सांस ली है।