गर्मी का कहर: उत्तराखंड में 42 डिग्री का टॉर्चर! मैदान से लेकर पहाड़ तक मचा हाहाकार, 7 जिलों में गर्म हवाएं चलने का अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में आसमान से बरस रही आग ने हर को झुलसाकर रख दिया है। मैदान से लेकर पहाड़ों तक गर्मी का खासा प्रकोप देखने को मिल रहा है। बीते कुछ दिनों से लगातार गर्मी के रिकॉर्ड टूट रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो गर्मी का कहर अभी भी कुछ दिन तक जारी रहेगा। प्रदेश के मैदानी इलाकों के साथ कुछ पर्वतीय जिलों के हिस्सों में भी गर्म हवाएं खूब परेशान करेंगी। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, टिहरी, अल्मोड़ा जिले के कुछ इलाकों में गर्म हवा चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने के भी आसार हैं। जबकि अन्य जिलों में भी भीषण गर्मी पड़ने से दिन के साथ रात को भी गर्म हवाएं परेशान करेंगी।
इधर गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच पहाड़ों पर खासा जल संकट गहरा गया है। आलम ये है कि लोगों को दूर दूर से पानी लाना पढ़ रहा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो शनिवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री बढ़ोतरी के साथ 42.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी तीन डिग्री इजाफे के साथ 26.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं आज दून का अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने के आसार हैं। जून में इतना तापमान बीते 121 सालों में पहली बार दर्ज किया जा रहा है।