रफ्तार का कहरः मेले से लौट रही तीन किशोरियों को तेज रफ्तार कार ने रौंदा! एक की मौत, सहायक खंड विकास अधिकारी गिरफ्तार

Havoc of speed: Three teenage girls returning from the fair were crushed by a speeding car! One dead, Assistant Block Development Officer arrested

नैनीताल। नैनीताल में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां कोटाबाग में एक तेज रफ्तार कार ने तीन किशोरियों को रौंद दिया, जिसमें एक किशोरी की मौत हो गयी, जबकि दो घायल हो गए। वहीं इस मामले में पुलिस ने कोटाबाग के सहायक खंड विकास अधिकारी (एबीडीओ) को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि किशोरियां मेले से पैदल घर लौट रहीं थीं। पुलिस के मुताबिक चालक नशे में धुत था। हादसे में जान गंवाने वाली 14 वर्षीय माही कोटाबाग क्षेत्र के गांव नाथूनगर निवासी आनंद सिंह की बेटी थी। वह अपनी बड़ी बहन 17 वर्षीय कनक और गांव में रहने वाली अपनी सहेली 15 वर्षीय ममता पुत्री जितेंद्र सिंह के साथ कोटाबाग क्षेत्र में लगे उत्तरायणी मेले से पैदल लौट रही थी। पुलिस के मुताबिक रामदत्त बीआरसी के पास हल्द्वानी की ओर जाती तेज रफ्तार कार ने तीनों लड़कियों को चपेट में ले लिया, जिससे वे घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान माही की मौत हो गई। इस बीच डॉयल 112 से दी गई सूचना पर चौकी प्रभारी रमेश चंद पंत पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक हल्द्वानी के लोहरियासाल ऊंचा पुल निवासी वाहन चालक भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह कोटाबाग का सहायक खंड विकास अधिकारी है। मेडिकल परीक्षण में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई है। इधर घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।