राजकीय दून मेडिकल हॉस्पिटल के उपनलकर्मियो के लिए Harish Rawat ने बुलंद की आवाज़! शायरी से किया उत्तराखंड सरकार पर वार
"जब वक्त पड़ा तो वतन के वास्ते खूं हमने दिया,
जब अच्छा समय आया तो कहते हैं तेरा काम नहीं"।
इन कवि की पंक्तियों से शुरुआत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता Harish Rawat ने उत्तराखंड सरकार पर राजकीय दून मेडिकल हॉस्पिटल के उपनल कर्मियों का कार्यकाल समाप्त करने के विषय पर हमला बोला।
उन्होंने आगे बोला,"जिन्होंने कोरोनाकाल में अपनी जिंदगी हथेली पर रखकर मानवता की सेवा की, जो कुछ थोड़ी बहुत कोरोनाकाल में लोगों को चिकित्सा उपलब्ध हो सकी, यूं तो सारा तंत्र लगभग विफल हो गया था, दूसरी लहर के वक्त तो नजारा अत्यधिक खौफनाक था, वो राहत इन्हीं उपनल कर्मियों ने अपने प्राण दांव पर लगाकर लोगों को प्रदान की थी। मैं ऐसे सभी लोगों की तरफ से उत्तराखंड के #स्वास्थ्य_विभाग से अपील करना चाहता हूं कि इन उपनल कर्मियों का संपर्क/लाइजन बनाए रखा जाय, विपत्ति तो जीवन में आती रहती हैं और विपत्तियों के आने पर लोग आगे आएं, उसके लिए अच्छे उदाहरण भी प्रस्तुत करने पड़ते हैं, तो सरकार को अतिरिक्त व्यय भार भी उठाना पड़ रहा है, तो यह व्यय भार उठाना चाहिए।"
मंगलवार को हॉस्पिटल प्रशासन ने यह आदेश जारी किया था कि कोरोना काल के दौरान जो अतिरिक्त उपनल कर्मी भर्ती हुए थे उनकी सेवाएं 31 मार्च तक समाप्त कर दी जाएंगी। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इस पर सरकार पर कटाक्ष किया तो वहीं कांग्रेस इसका विरोध कर रही है।