Oct 10, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: डेढ़ लाख तिरंगों के साथ आज निकलेगी यात्रा! बटलर ने जड़ा सीजन का तीसरा शतक, उत्तराखंड में बनेगा देश का पहला जीआई बोर्ड

Good Morning India: Yatra will go out with one and a half lakh tricolors today! Butler scored the third century of the season, the country's first GI board will be made in Uttarakhand

नमस्कार दोस्तो, आवाज 24x7 गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर एक बार फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज बिहार में डेढ़ लाख तिरंगों के साथ यात्रा निकाली जाएगी, गृह मंत्री अमित शाह इसमें शामिल होंगे। वहीं आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हिमाचल प्रदेश में रहेंगे, वहां वे कांगड़ा में रैली करेंगे। उधर आज IPL में कोलकाता-गुजरात के बीच दिन में और शाम को बेंगलुरु-हैदराबाद में मुकाबला होगा। 
अब अभी तक की बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं। बड़ी खबरों की शुरुआत क्रिकेट से करते हैं सीजन के सबसे हाई स्कोरिंग मैच में राजस्थान ने दिल्ली को 15 रनों से हरा दिया। राजस्थान ने 223 रनों का टारगेट दिया था। इसमें जोस बटलर ने बेहतरीन 116 रन बनाए। ये बटलर का सीजन में तीसरा शतक है। उनसे आगे सिर्फ विराट कोहली हैं, जिन्होंने 2016 में 4 शतक लगाए थे। जवाब में दिल्ली की टीम 207 रन ही बना सकी। RR के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट हासिल किए।
उधर ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भारत दौरे के आखिरी दिन PM मोदी से मुलाकात की। भारत में जोरदार स्वागत के लिए जॉनसन ने धन्यवाद कहा। साथ ही बताया कि भारत विरोधी संगठनों के लिए हमने एंटी-एक्सट्रीमिस्ट टास्क फोर्स बनाई है। भगोड़े कारोबारी नीरव मोदी और विजय माल्या पर कहा कि हम उनके प्रत्यर्पण की मंजूरी दे चुके हैं। मामला कानूनी पेचीदगियों में उलझा है।
इधर हेट स्पीच के मामले में दिल्ली पुलिस के हलफनामे पर नाराजगी जताते हुए शीर्ष कोर्ट ने कहा कि वह बेहतर हलफनामा दायर करें। शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली पुलिस ने कहा कि गत वर्ष 19 दिसंबर को हिंदू युवा वाहिनी के कार्यक्रम में किसी समुदाय के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की गई थी।
इधर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 15 से 21 अप्रैल के बीच जब देश के 700 से भी ज्यादा जिलों की समीक्षा की गई तो पता चला कि दिल्ली से सटे गुरुग्राम और गौतमबुद्ध नगर में साप्ताहिक संक्रमण दर 12 फीसदी से भी अधिक दर्ज की गई है। इसके चलते इन जिलों को अति संवेदनशील माना जा रहा है। वहीं फरीदाबाद में 7.20 फीसदी सैंपल संक्रमित मिले हैं। हालांकि, गाजियाबाद में अभी स्थिति नियंत्रित है।
उधर खाली खजाने का हवाला देकर PM हाउस की गाय-भैंसे बेच देने वाले इमरान खान के खर्चे अब सामने आ रहे हैं। पाकिस्तान की मिनिस्ट्री ऑफ इन्फॉर्मेशन ने बताया है कि इमरान अपने घर से PM हाउस तक रोज हेलिकॉप्टर से आते-जाते थे। सिर्फ 15 किलोमीटर की दूरी तय करने में हर रोज 8 लाख रुपए का खर्च आया। सत्ता में आने के बाद इमरान ने साइकिल से ऑफिस जाने की बात कही थी।
अब उत्तराखंड की खबरों पर नजर डालते हैं। उत्तराखंड में क्षेत्र विशेष में उत्पादित पारंपरिक और जैविक उत्पादों के संरक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए राज्य भौगोलिक संकेत बोर्ड (ज्योग्राफिकल इंडिकेटर) बनाया जाएगा। यह देश का पहला बोर्ड होगा। कृषि मंत्री गणेश जोशी की ओर से प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जीआई बोर्ड बनाने की घोषणा की है। इस बोर्ड के बनने से स्थानीय उत्पादों को कानूनी संरक्षण भी मिलेगा।
उधर उत्‍तराखंड के पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया। केदारनाथ सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई तो वहीं चमोली में बारिश होने से जंगल की आग से राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मैदानों में झोंकेदार हवा चल सकती है। जबकि, रविवार रात से मौसम फिर करवट बदल सकता है। इससे पर्वतीय इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।