गुड़ मॉर्निंग इंडिया: महायुद्ध में तबाही के कगार पर पहुंचा यूक्रेन! जंग रोकने को इजराइल के प्रधानमंत्री पहुंचे रूस, उत्तराखंड में बदल सकता है मौसम
नमस्कार दोस्तो, आवाज 24x7 गुड़ मॉर्निंग इंडिया के साथ एक बार फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आइए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज प्रधानमंत्री मोदी पुणे में मेट्रो ट्रेन सर्विस की शुरुआत करेंगे, वे छत्रपति शिवाजी की मूर्ति का अनावरण भी करेंगे। वहीं आज भारत-श्रीलंका टेस्ट के तीसरे दिन आर अश्विन कपिल देव का 434 विकेट लेने का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। उधर आज ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन से 2200 भारतीयों को भारत लाया जाएगा।
अब अभी तक की बड़ी खबरों की तरफ रूख करते हैं। यूक्रेन और रूस के बीच 10वें दिन भी जंग जारी रही। बमबारी वाले इलाकों से लोगों को निकाला जा सके, इसके लिए रूस ने दो शहरों मारियुपोल और वोल्नोवाखा में हमले रोक दिए। हालांकि, यूक्रेन ने कहा कि रूस ने सीजफायर का वादा नहीं निभाया। इस बीच इजराइली PM नफ्टाली बेनेट पुतिन से मिलने अचानक मॉस्को पहुंचे। माना जा रहा है कि वे रूस को युद्ध रोकने के लिए राजी कर सकते हैं।
वहीं युद्ध से बचने के लिए यूक्रेन के 14 लाख से ज्यादा लोगों ने अपना देश छोड़ दिया है। ये कुल आबादी का करीब 3% है। सबसे ज्यादा साढ़े 6 लाख लोग पोलैंड गए हैं। 53 हजार को हमला करने वाला रूस ही ज्यादा सुरक्षित लगा। यह डेटा संयुक्त राष्ट्र ने जारी किया है। रूस की बमबारी से खारकीव, खेरसान और राजधानी कीव में भारी तबाही हुई है।
उधर श्रीलंका के खिलाफ मोहाली टेस्ट में रविंद्र जडेजा ने कमाल दिखाया। 7वें नंबर पर बैटिंग करने आए जडेजा ने 175 रनों की नाबाद पारी खेली। जडेजा अपने पहले दोहरे शतक से सिर्फ 25 रन दूर थे और कप्तान रोहित शर्मा ने 574 रनों पर पारी घोषित कर दी। बड़े स्कोर के दबाव में श्रीलंका का टॉप ऑर्डर फेल हो गया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेहमान टीम ने 4 विकेट पर 108 रन बनाए।
अब उत्तराखंड की खबरों की बात करते हैं, उत्तराखंड में शुष्क मौसम के बीच पारे में लगातार इजाफा हो रहा है। हालांकि, रविवार और सोमवार को पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में दो दिन मौसम बदले रहने की संभावना जताई है।
उधर नैनीताल हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण आदेश में व्यक्ति व जातियों के हित के बजाय राष्ट्र हित को सर्वोपरि माना है। कोर्ट ने पिथौरागढ़ जिले के मिलम जौहार में ग्रामीणों की करीब ढाई हेक्टेयर भूमि आइटीबीपी की अग्रिम चौकी निर्माण के लिए अधिग्रहित किये जाने की अधिसूचना को सही ठहराया है।