Oct 10, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: आसमान पर पहुंचे नींबू के दाम, 10 रुपए का बिक रहा एक! उत्तराखंड में पकड़े गए 6.46 लाख फर्जी राशन कार्ड

Good Morning India: The price of lemon reached the sky, selling one for Rs 10! 6.46 lakh fake ration cards caught in Uttarakhand

नमस्कार दोस्तो नई सुबह के साथ गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर आवाज 24x7 एक बार फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज केरल और तमिलनाडु के बीच मुल्लापेरियार बांध के विवाद में सुप्रीम कोर्ट फैसला सुनाएगा। वहीं आज सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद इमरान खान कैबिनेट मीटिंग और देश को संबोधित करेंगे। उधर आज IPL के 16वें मैच में पंजाब और गुजरात के बीच शाम 7:30 बजे से मुकाबला होगा।
अब अभी तक की बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं। देश मे पेट्रोल-डीजल के बाद नींबू को भी महंगाई की नजर लग गई। एक महीने पहले 70 रुपए किलो बिक रहा नींबू 400 रुपए तक पहुंच गया है। एक चाहिए तो 10 रुपए में। इसकी दो वजह हैं। आंध्रप्रदेश-तेलंगाना में फसल कम हुई है और महंगे डीजल की वजह से फसल की सप्लाई कॉस्ट बढ़ गई। आलम ये है कि नींबू अब सेब, अंगूर और अनार से भी महंगा बिक रहा है।
उधर संयुक्त राष्ट्र की ह्यूमन राइट्स काउंसिल (UNHRC) से रूस को सस्पेंड कर दिया गया है। रूस के खिलाफ 93 और पक्ष में 24 देशों ने वोट दिए। भारत समेत 58 देश वोटिंग से बाहर रहे। बूचा अटैक के बाद UN जनरल असेंबली ने मीटिंग बुलाई थी। रूस इस संस्था से बाहर किया गया दूसरा देश है। इसके पहले 2011 में लीबिया को इस संस्था से बाहर किया गया था।
इधर गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में हमला करने वाला अहमद मुर्तजा ISIS से प्रभावित था और सीरिया जाना चाहता था। ATS की पूछताछ में मुर्तजा ने बताया कि उसे पता था वह मंदिर पर हमले के बाद नहीं बचेगा। 2015 में IIT मुंबई से केमिकल इंजीनियरिंग कर चुके मुर्तजा को लगता था कि मुस्लिमों के साथ गलत हो रहा है। इसका बदला लेने के लिए उसने यह सब किया।
वहीं उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले 100 दिनों में श्रम एवं सेवायोजन विभाग 90 रोजगार मेलों के माध्यम से 25000 बेरोजगार अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र में नियोजित करेगा। वहीं 600 करियर काउंसिलिंग कार्यक्रमों के माध्यम से 50,000 प्रतिभागियों को काउंसिलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो उत्तराखंड में कोरोनाकाल में सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कालेजों में आउटसोर्स पर रखे गए करीब 1600 कर्मचारी बहाल होंगे। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने गुरुवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर यह घोषणा की।
उधर पिछले आठ साल के दौरान उत्तराखंड में छह लाख 46 हजार 337 राशन कार्ड फर्जी पाए गए। हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड में सबसे अधिक फर्जी राशन कार्ड पकड़े गए और रद्द हुए। उत्तराखंड के बाद असम है जहां वर्ष 2014 से 2021 के बीच 3 लाख 40 हजार 831 राशन कार्ड फर्जी या जाली होने के कारण रद्द हुए। हिमालयी राज्यों में मिजोरम ही है जहां सबसे कम 4103 राशन कार्ड रद्द हुए।