Oct 12, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: उत्तराखंड में ठंड का असर, चम्पावत में शून्य से नीचे पहुंचा तापमान! देश के 8 राज्यों में पहुंचा ओमिक्रॉन

Good Morning India: The effect of cold in Uttarakhand, the temperature reached below zero in Champawat! Omicron reached 8 states of the country

नमस्कार दोस्तो आवाज 24x7 के गुड़ मॉर्निंग न्यूज़ अपडेट्स में आपका फिर से स्वागत है। आइए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी में बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे। वहीं आज दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति पर 1 बजे सभी विभागों की संयुक्त बैठक होगी। उधर आज संसद पर हमले के 20 साल पूरे होने पर इस घटना में शहीद हुए जवानों को याद किया जाएगा। वहीं आज BMW की IX इलेक्ट्रिक कार लांच होगी। अब अभी तक कि बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं। 
हेलीकॉप्टर हादसा: तमिलनाडु में क्रैश होने से पहले CDS जनरल बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर का आखिरी वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही पुलिस ने यह भी सवाल किया है कि वे जंगल के उस प्रतिबंधित इलाके में क्या कर रहे थे। 
कोरोना: देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मामले भले ही तेजी से नहीं बढ़ रहे, लेकिन इसका दायरा लगातार बढ़ रहा है। रविवार को 5 राज्यों में 5 नए मामले मिले। केरल और चंडीगढ़ में पहले ओमिक्रॉन मरीज मिले हैं। अब देश के 8 राज्यों में नए वैरिएंट के कुल 38 मरीज हैं।
उत्तराखंड की प्रमुख खबरों कि बात करें तो यहां पुलिस ने एक बड़े चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। शादी समारोह, मेलों और भीड़भाड़ वाली जगह से पर्स व गहने चोरी करने वाले मध्य प्रदेश के अंतरराज्यीय चिडिय़ा गिरोह के पांच सदस्यों को पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों में चार महिलाएं हैं। सभी आरोपित मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और एक ही परिवार के हैं। वह नौ दिसंबर को देहरादून पहुंचे थे और उसी रात जीएमएस रोड स्थित होटल सनपार्क इन से दूल्हे की मां का रुपयों से भरा पर्स चोरी कर लिया। तभी से पुलिस इन्हें तलाश रही थी। उधर राज्य में ठंड का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला गिरने की शुरुआत हो चुकी है। कुमाऊं के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर रात को जबरदस्त पाला गिर रहा है। इसकी वजह से तापमान में गिरावट आ रही है। चम्पावत जिले के लोहाघाट में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। ठंड से बचाव के लिए नगर पंचायत की ओर से रोडवेज स्टेशन, टैक्सी स्टैंड आदि जगहों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। पिथौरागढ़, अल्मोड़ा व बागेश्वर में भी लगातार तीसरे दिन तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले पांच दिन मौसम शुष्क रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ जगह पाला पड़ सकता है। फिलहाल ठंड से राहत की उम्मीद कम है।