Oct 11, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: दिग्गज बल्लेबाजों को उंगलियों पर नचाने वाले शेन वॉर्न जिंदगी की बाजी हारे! उत्तराखंड में फिर लगा फर्जी मतदान का आरोप

Good Morning India: Shane Warne, who made legendary batsmen dance on his fingers, lost his life! Allegation of fake voting again in Uttarakhand

नमस्कार दोस्तो, गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर आवाज 24x7 एक बार आपके सामने प्रस्तुत है। आइए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज भारत और श्रीलंका के बीच मोहाली में हो रहे टेस्ट मैच में दूसरे दिन का खेल होगा। वहीं आज 15 विमानों के जरिए यूक्रेन में फंसे 2200 से ज्यादा भारतीयों को देश लाया जाएगा। उधर मणिपुर में विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी फेज में 22 सीटों पर आज वोटिंग होगी।
अब अभी तक कि बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं। ऑस्ट्रेलिया के महान लेग स्पिनर शेन वॉर्न अब इस दुनिया में नहीं रहे। दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों को अपनी उंगलियों पर नचाने वाले 52 साल के वॉर्न का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे छुट्‌टी मनाने थाईलैंड गए थे। जब उन्हें हार्ट अटैक आया, उनके पास कोई मौजूद नहीं था। बॉल ऑफ द सेंचुरी फेंकने वाले वॉर्न ने टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा 708 विकेट लिए थे।
उधर यूक्रेन पर हमले के 9वें दिन रूस ने एक न्यूक्लियर पावर प्लांट पर कब्जा कर लिया। यहां बमबारी से रेडिएशन का खतरा बढ़ गया है। इस बीच रूसी मीडिया ने दावा किया कि राष्ट्रपति जेलेंस्की पोलैंड भाग गए हैं। यूक्रेन ने तुरंत इसे गलत बता दिया। रूस तीन दिन से रिहायशी इलाकों पर बमबारी कर रहा है। उसने 4 स्कूलों पर भी बम बरसाए।
वहीं मोहाली टेस्ट में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दमदार शुरुआत की है। पहले दिन टीम इंडिया ने 6 विकेट खोकर 357 रन बना लिए हैं। सौवां टेस्ट खेल रहे विराट कोहली 45 रन बनाकर बोल्ड हो गए। कोहली बड़ी पारी तो नहीं खेल पाए, लेकिन 38वां रन बनाते ही टेस्ट में अपने 8 हजार रन पूरे कर लिए। ऋषभ पंत ने 97 गेंदों पर 96 रन की तेज पारी खेली।
इधर पाकिस्तान के पेशावर में आतंकियों ने एक शिया मस्जिद पर हमला कर 60 से ज्यादा लोगों की जान ले ली। 150 से ज्यादा घायल भी हुए हैं। हमले के वक्त नमाज अदा की जा रही थी। तभी दो आतंकी आए और फायरिंग कर दी। इनमें से एक को पुलिस ने गेट पर ही मार गिराया। दूसरा आतंकी मस्जिद में घुस गया और खुद को बम से उड़ा लिया।
अब उत्तराखंड की खबरों पर नजर डालते हैं। ऋषिकेश हरिद्वार मार्ग पर कृषि उत्पादन मंडी समिति के बाहर चार दुकानों में अचानक आग लग गई। जिस कारण दुकानों का सारा सामान जल गया। मध्य रात्रि में ही फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई। हरिद्वार मार्ग कृषि उत्पादन मंडी समिति के समीप ऋषिकेश निवासी महेंद्र की पान की दुकान में रात करीब डेढ़ बजे अचानक आग लग गई। इस दौरान वहां पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। 
उधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर सेना में सेवारत सैनिकों और सर्विस मतदाताओं को जारी मतपत्रों के गलत इस्तेमाल कर फर्जी मतदान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने ऐसे मतों को निरस्त करवाये जाने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे पत्र में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा है कि विभिन्न जिला निर्वाचन अधिकारियों की ओर से निर्गत किए गए सर्विस मतदाताओं के पोस्टल बैलेट की सूची में ऐसे नाम भी हैं, जो या तो सेवानिवृत्त हो चुके हैं या लंबे अवकाश पर हैं अथवा दिवंगत हो चुके हैं।