Good Morning India: सीमा पर फिलहाल शांति, सेना को खुली छूट! 24 घंटे में तीन जवान शहीद, कोहली ने टेस्ट से संन्यास लेने की जताई इच्छा! उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जानें आज क्या रहेगा खास?
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल के मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन करेंगे। यह यूनिट ₹300 करोड़ की लागत से बनी है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पाकिस्तान ने शनिवार शाम 5 बजे सीजफायर लागू होने के 3 घंटे बाद ही इसे तोड़ दिया। जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब में 15 जगहों पर ड्रोन अटैक किए, जिसे भारतीय एयर डिफेंस ने नाकाम कर दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार शाम दावा किया था कि अमेरिका की मध्यस्थता के बाद दोनों देश सीजफायर के लिए राजी हो गए हैं। इसके बाद भारत और पाकिस्तान ने भी सीजफायर की पुष्टि की थी। हालांकि फिलहाल जम्मू-कश्मीर में शांति की स्थिति बनी हुई है।
इधर सीजफायर से पहले हुई पाकिस्तानी फायरिंग में 3 जवान शहीद हो गए। 22 अप्रैल से 10 मई तक पाकिस्तान की गोलीबारी में 5 जवान शहीद हो चुके हैं। 60 जवान घायल हो चुके हैं। वहीं, 25 नागरिकों की मौत हुई है और 50 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं। 7 मई को जम्मू के पुंछ में फायरिंग में लांस नायक दिनेश (32) शहीद हो गए। वे हरियाणा के पलवल के रहने वाले थे। 9 मई को आर्मी जवान मुरली नाईक शहीद हुए थे। आंध्र प्रदेश के मूल निवासी नाइक का परिवार मुंबई में रहता है।
उधर पाकिस्तानी PM शहबाज शरीफ ने दावा किया कि भारत ने पहले सीजफायर तोड़ा है। शहबाज ने कहा, 'जो मुलाकात मेज पर होनी थी अब मैदान-ए-जंग में होगी। भारत ने हमारे सब्र का इम्तिहान लिया। भारत ने हमला करके जो गलती की है उसका खामियाजा उसे जरूर भुगतना होगा। हम खून के आखिरी कतरे तक लड़ेंगे। हमने सीजफायर का पालन किया है। शहबाज ने इससे पहले सीजफायर के लिए ट्रम्प का आभार जताया था।
इधर विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की इच्छा जताई है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को इसकी जानकारी दी है। BCCI ने उन्हें अपने फैसले पर विचार करने को कहा है। कोहली 2024 में टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। 8 मई को रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था।
उधर मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून देश में इस बार तय समय से 4 दिन पहले पहुंच सकता है। दक्षिण-पश्चिम मानसून 27 मई को केरल तट से टकराएगा। आमतौर पर यह 1 जून को पहुंचता है। अगर मानसून 27 मई को आता है तो 16 साल में पहली बार मानसून की इतनी जल्द दस्तक होगी। 2009 में 23 मई को मानसून ने केरल में दस्तक दी थी। 1 जून को केरल पहुंचने के बाद मानसून 8 जुलाई तक अन्य राज्यों को कवर करता है। 17 सितंबर के आसपास राजस्थान के रास्ते वापसी शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक पूरा हो जाता है।
इधर चीन में 51,725 ताश के पत्तों को डॉमिनोज की तरह गिराने का रिकॉर्ड बनाया गया। इसके लिए टीम ने एक होम डेकोर कंपनी के साथ मिलकर काम किया। कंपनी ने ताश के पत्ते खड़े करने के लिए ऐसा रूम डिजाइन किया, जहां हवा का एक भी झोंका नहीं पास हो रहा था।
उधर दिल्ली की एक अदालत ने 25 साल पुराने धोखाधड़ी के मामले में पति, पत्नी और बेटा को बरी कर दिया। अभियोजन पक्ष की ओर से दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने कहा कि दलीलें विसंगतियां संदेह पैदा करती हैं। आरोपी के खिलाफ मामला साबित करने की जिम्मेदारी अभियोजन पक्ष पर है। जिसमें वे विफल रहे। अभियुक्तों को संदेह का लाभ प्राप्त करने का अधिकार है।
इधर देशभर में मौसम का मिलाजुला असर दिखाई दे रहा है। उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के कई राज्यों में गर्मी कहर बरपा रही है और पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से पांच दिनों के अंदर उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
उधर बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने बलूचिस्तान में 39 अलग-अलग जगहों पर समन्वित हमले करने की जिम्मेदारी ली है। बीएलए ने दावा किया है कि उन्होंने कुछ पुलिस स्टेशनों पर कब्जा कर लिया है और क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर नाकाबंदी कर दी है। बीएलए ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि ये अभियान अभी भी जारी है। उनके कुछ खास मकसद हैं, जिन्हें वे हासिल करना चाहते हैं।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश सरकार ने देर रात बड़े प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के 25 और प्रांतीय सेवा के 12 व सचिवालय सेवा के एक अधिकारी के प्रभारों में फेरबदल कर दिया है। कुछ अधिकारी इधर से उधर किए गए हैं। शनिवार को देर रात जारी आदेश में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को वित्त, कार्मिक एवं सतर्कता, कृषि उत्पादन आयुक्त के पद से मुक्त करते हुए मुख्य स्थानिक आयुक्त, मुख्य निवेश आयुक्त दिल्ली के साथ ही तीनों ऊर्जा निगमों के अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। अपर सचिव अभिषेक रूहेला को शिक्षा महानिदेशक बनाया गया है। वहीं झरना कमठान को इस दायित्व से मुक्त करते हुए अपर सचिव वित्त की जिम्मेदारी दी गई है।
इधर एक दिन पहले हुए विवाद में पुलिस ने पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और खानपुर विधायक उमेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूर्व विधायक चैंपियन के चालक ने विधायक उमेश कुमार के खिलाफ गाड़ी में तोड़फोड़ करने, मारपीट और गाली गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने समेत एससी एसटी की धारा में मुकदमा दर्ज कराया है।
उधर कोटद्वार के काशीरामपुर तल्ला क्षेत्र में शाम करीब छह बजे बिजली गिर गई। इस हादसे में एक किशोरी की मौत हो गई है। वहीं एक महिला घायल हो गई है। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के गांव कोट टांडा से किशोरी अपनी बुआ के घर आई हुई थी। काशीरामपुर तल्ला में आकाशीय बिजली गिरने से 11 वर्षीय लड़की की मौत हुई है। 27 वर्षीय महिला सोनम घायल है। जिसका उपचार चल रहा है।
इधर जून से प्रदेशभर में राशन का वितरण बायोमीट्रिक ई-पॉस मशीनों से होगा। इसके लिए लगातार मशीनों का वितरण करने के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। फिलहाल राज्य के पांच जिलों में ई-पॉस के जरिये राशन वितरण की व्यवस्था बनाई जा रही है। खाद्य आयुक्त कार्यालय की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी हुए हैं कि जून से बाकी आठ जनपदों में भी नई व्यवस्था लागू कर दी जाए।