गुड़ मॉर्निंग इंडिया: भारत की मिसाइल से तिलमिलाया पाक! उत्तराखंड में सियासी घमासान जारी, लोग बोले हरदा के मन में क्या चल रहा?
नमस्कार दोस्तो, गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर एक बार फिर आवाज 24x7 आपके समक्ष प्रस्तुत है। आइए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में दोनों सदनों की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी। वहीं आज भारत और श्रीलंका के बीच बेंगलुरु में चल रहे डे-नाइट टेस्ट में तीसरे दिन का खेल सम्पन्न होगा। इधर आज रूस और यूक्रेन के बीच चौथे दौर की बातचीत शुरू होगी। यह मीटिंग 15 मार्च तक चलेगी।
अब अभी तक कि बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं। भारत की मिसाइल पाकिस्तान में गिरने पर प्रधानमंत्री इमरान खान तिलमिला गए हैं। इमरान ने इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आप सब जानते हैं कि 9 मार्च को क्या हुआ। भारत की तरफ से हमारे देश पर एक मिसाइल दागी गई। हम चाहते तो उसी वक्त इसका जवाब दे सकते थे, लेकिन हमने होश से काम लिया। इससे पहले पाकिस्तान ने मामले की जांच में खुद को शामिल करने की बात कही थी।
उधर चुनाव में हार पर मंथन के लिए बुलाई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग में अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पद छोड़ने की बात कही। पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने बताया कि सोनिया गांधी कहा कि वे, राहुल और प्रियंका पार्टी के लिए अपना पद छोड़ने के लिए तैयार हैं, लेकिन हम सभी ने इसे खारिज कर दिया। प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने साफ किया कि सोनिया गांधी ही कांग्रेस का नेतृत्व करती रहेंगी।
उधर रूस और यूक्रेन के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है। इस दौरान रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव की ओर तेजी से बढ़ रही है। बताया जा रहा है कि रूस ने यूक्रेन के एक मिलिट्री बेस पर 30 मिसाइलें दागकर उसे तबाह कर दिया। यह जगह पोलैंड बॉर्डर से सिर्फ 20 किलोमीटर दूर है।
इधर यूपी में मिली प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी के साथ करीब डेढ़ घंटे चली बैठक में योगी 2.0 कैबिनेट की पूरी रुपरेखा तय की गई है। योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता दिया है।
अब उत्तराखंड की खबरों की बात करते हैं उत्तराखंड में चुनाव भले ही खत्म हो गए हों, लेकिन सियासी घमासान अब भी जारी है। भाजपा में जहां मुख्यमंत्री पद को लेकर सियासी पारा चढ़ा है तो वहीं कांग्रेस में हार के बाद रार फैली हुई है। देर रात पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने चुनाव से पूर्व औऱ चुनाव के बाद तमाम मीडिया प्लेटफार्म पर दिए इंटरव्यू फ़ेसबुक पर लाइव किये। इसके बाद से ही सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस दौरान लोगों का कहना था कि हरदा के मन में क्या चल रहा है।