गुड़ मॉर्निंग इंडिया: बुआ-बबुआ मामले में फेसबुक के सीईओ जुकरबर्ग पर मुकदमा! उत्तराखंड में प्रशासनिक अमले में बड़ा फेरबदल, यूएस नगर के डीएम बदले
नमस्कार दोस्तो गुड़ मॉर्निंग सन्देश लेकर आवाज 24x7 फिर आपके लिए लाया है आज की प्रमुख खबरों का कलेक्शन। तो आईए एक नजर डालते हैं ताजा और प्रमुख खबरों पर। आज भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा यूनाइटेड रशिया पार्टी के 20वें स्थापना दिवस समारोह में वर्चुअली शामिल होंगे। वहीं
लोकसभा में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन पर चर्चा हो सकती है। बताया जाता है कि यह चर्चा रूल 193 के तहत होगी। उधर घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें रिवाइज होंगी। इस बार इनके कम होने की पूरी उम्मीद है।
कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर जहां दहशत का माहौल बना है वहीं इसका असर ट्रैवल इंडस्ट्री पर भी दिखने लगा है। एयरलाइन कंपनियों ने कई इंटरनेशनल रूट पर हवाई किराया बढ़ा दिया है। भारत से अमेरिका, ब्रिटेन, यूएई और कनाडा जैसे देशों के लिए हवाई किराया दोगुना तक हो गया है। वहीं, मंगलवार आधी रात से लागू नई गाइडलाइंस के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट पर 6 घंटे तक इंतजार करना पड़ सकता है।
उधर सोशल मीडिया फेसबुक को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। फेसबुक के CEO मार्क जुकरबर्ग के खिलाफ यूपी के कन्नौज में कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज की गई है। इसमें जुकरबर्ग के अलावा 48 और लोगों को आरोपी बनाया गया है। यह मामला फेसबुक पर बुआ-बबुआ के नाम से चल रहे पेज पर अखिलेश यादव की इमेज खराब करने वाली पोस्ट का है। मामले की रिपोर्ट फेसबुक के हेडक्वार्टर कैलिफोर्निया भी भेजी गई है।
अब उत्तराखंड कि बड़ी खबर पर नजर डालते हैं। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आयुक्तों को बदल दिया गया है। ऊधमसिंह नगर की जिलाधिकारी रंजना का तबादला शासन में अपर सचिव पद पर किया गया है। युगल किशोर पंत ऊधमसिंह नगर के नए जिलाधिकारी बनाए गए हैं। शासन ने देर रात आईएएस अफसरों समेत कुल 35 नौकरशाहों के विभागों में फेरबदल का आदेश जारी किया।