गुड़ मॉर्निंग इंडिया: चुनावी रैलियों और सभाओं पर 31 तक रोक! उत्तराखंड के लिए कांग्रेस ने जारी की प्रत्याशियों की लिस्ट
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 के गुड़ मॉर्निंग इंडिया में आपका स्वागत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज भारत-साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा वनडे खेला जाएगा। भारत सीरीज में 2-0 से पीछे है। वहीं आज प्रधानमंत्री मोदी इंडिया गेट पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की हॉलोग्राम मूर्ति का अनावरण करेंगे।
अब अभी तक की बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं। उत्तराखंड में चुनाव के लिए कांग्रेस हाईकमान ने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है।
वहीं राजस्थान और मध्यप्रदेश के कई इलाकों के साथ ही दिल्ली-मुंबई में बारिश हुई है। राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, अजमेर, भरतपुर संभाग के 12 से ज्यादा जिलों में पानी गिरा। यहां के अलावा मध्यप्रदेश में भी मौसम विभाग ने आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में तो इस साल जनवरी में लगभग 70 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह पिछले 32 साल में सबसे ज्यादा है।
उधर देश में 5 चुनावी राज्यों में अभी रैलियों और सभाओं पर बैन लगा रहेगा। चुनाव आयोग ने कोरोना के हालात की समीक्षा के बाद यह रोक 31 जनवरी तक बढ़ा दी है। इसके अलावा आयोग ने डोर-टू-डोर कैंपेन के लिए लोगों की संख्या 10 कर दी है। पहले यह 5 थी। इनडोर मीटिंग के लिए लोगों की लिमिट 300 या गाइडलाइंस के मुताबिक हॉल की क्षमता का 50% तय की गई है।
वहीं कोरोना की तीसरी लहर के कारण वेस्टइंडीज के भारत दौरे का शेड्यूल बदला गया है। वेस्टइंडीज की टीम 6 से 20 फरवरी तक 3 वनडे और 3 टी-20 मैच खेलेगी। BCCI ने तय किया है कि ये मुकाबले 6 नहीं, बल्कि 2 शहरों अहमदाबाद और कोलकाता में कराए जाएंगे। यह फैसला टीमों, मैच ऑफिशियल्स, ब्रॉडकास्टर्स के ट्रैवल को सीमित रखने के लिए लिया गया है।
इधर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कैराना में पार्टी के लिए प्रचार किया। उन्होंने यहां पलायन वाले क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों से बात की। उनसे पूछा कि अब उन्हें कोई तकलीफ तो नहीं है? गृह मंत्री बनने के बाद शाह का यह पहला कैराना दौरा है। शाह के साथ कैराना में भाजपा उम्मीदवार मृगांका सिंह भी नजर आईं।
वहीं मुंबई में एक 20 मंजिला इमारत में आग लग गई। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें दो बुजुर्ग हैं। वहीं, 6 बुजुर्ग समेत 15 लोग झुलस गए। आग ताड़देव इलाके की कमला सोसायटी में लगी। इसे बुझाने में करीब 5 घंटे लग गए। आग की शुरुआत 15वें फ्लोर से हुई और यह ऊपर की ओर 19वें फ्लोर तक पहुंच गई। मौके से 19 लोगों का रेस्क्यू किया गया।