गुड़ मॉर्निंग इंडिया: हिजाब के खिलाफ पोस्ट करने वाले बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या! उत्तराखंड में फिर बदला मौसम का मिजाज
नमस्कार दोस्तों आवाज 24X7 के गुड़ मॉर्निंग इंडिया में आपका पुनः स्वागत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले के 5वें मामले में CBI की स्पेशल कोर्ट सजा सुनाएगी। वहीं आज भारतीय नौसेना के 75 साल पूरे होने पर प्रेसिडेंट फ्लीट रिव्यू होगा, इसमें 60 जहाज और 55 विमान हिस्सा लेंगे।
अब अभी तक कि बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं। कर्नाटक के शिवमोगा जिले में रविवार रात करीब 9 बजे बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की चाकू मारकर पर हत्या कर दी गई। 26 साल के बजरंग दल कार्यकर्ता का नाम हर्षा है। हत्या के बाद शिवमोगा में तनाव बढ़ गया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे हिजाब विवाद से भी जोड़कर देख रही है, क्योंकि हर्षा ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर हिजाब के खिलाफ और भगवा शाल के समर्थन में पोस्ट लिखी थी।
वहीं पंजाब में 117 विधानसभा सीटों पर मतदान पूरा हो गया है। यहां 68% से ज्यादा वोटिंग हुई। यह पिछले चुनाव से 9% कम है। पिछले 5 बार से प्रदेश में जब भी कम वोटिंग हुई है, कांग्रेस की सरकार बनी है। ऐसी भी चर्चा है कि नतीजों के बाद BJP और अकाली दल साथ आ सकते हैं। डेरा सच्चा सौदा सिरसा ने भी अपने समर्थकों से इन्हीं पार्टियों को वोट देने के लिए कहा था।
उधर यूपी में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 59 सीटों पर 60.21% वोटिंग हुई। इस फेज के बड़े चेहरे पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे अखिलेश यादव, उनके चाचा शिवपाल, पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद और पूर्व IPS असीम अरुण हैं।
इधर रूस ने यूक्रेन को तीन तरफ से घेर रखा है। अमेरिका बार-बार कह रहा है कि रूस यूक्रेन पर किसी भी वक्त हमला कर सकता है। यही बात यूक्रेन को खल रही है। राष्ट्रपति वोल्दिमिर जेलेंस्की ने पूछा है कि अमेरिका रूस पर एक्शन क्यों नहीं ले रहा। क्या उसे हम पर हमले का इंतजार है। जब दुश्मन हम पर कब्जा कर लेगा तब आप प्रतिबंध लगाएंगे, तो वे हमारे किस काम आएंगे?
अब उत्तराखंड की खबरों पर नजर डालते हैं। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट बदलने लगा है। रविवार को मैदानी इलाकों में धूप खिली रही, जबकि पर्वतीय इलाकों में बादल मंडराने लगे और चारधाम समेत तमाम चोटियों पर हिमपात हुआ। इससे प्रदेशभर में ठिठुरन लौट आई है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार और बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाये रह सकते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्का हिमपात और मैदानों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही ज्यादातर इलाकों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है।