Good Morning India: निकाय चुनाव में गजब का प्रत्याशी,पुरूष ने महिला सीट से भरा पर्चा,हो रही चर्चा! तो एक महिला के कमरे में आपत्तिजनक हाल में पकड़ा गया सिपाही,जमकर हुई धुनाई,कुछ और न्यूज हैडलाइन्स,बड़ी खबरों व जानकारियों के लिए अभी लिंक क्लिक करें...
GoodMorning,नमस्कार,शुभ-प्रभात दोस्तो!साथ ही आप सभी को नववर्ष की बहुत-बहुत बधाई और अनेकों शुभकामनाएं। नए साल की एक और नई सुबह के साथ आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आपके साथ मैं हूँ तपस विश्वास। आईए नजर डालते हैं कुछ प्रमुख हैड्लाइन्स और खबरों पर...
दिल्ली-यूपी में सर्दी का सितम जारी,अभी और बढ़ेगी ठंड,आज कश्मीर-हिमाचल में होगा भारी हिमपात
नई राष्ट्रीय राजधानी में घना कोहरा छाया हुआ है और पूरा एनसीआर शीतलहर की चपेट में है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव एक बार फिर पहाड़ों के साथ मैदानी राज्यों में ठंड को बढ़ाएगा। जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को भी घाटी के निचले इलाकों और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। हिमाचल के शिमला सहित प्रदेश भर में दोपहर बाद आसमान में बादल छाने से ठंड बढ़ गई, इससे पांच शहरों में तापमान माइनस में पहुंच गया है।
आवाज 24x7......................आवाज 24x7
महिला के कमरे में आपत्तिजनक हाल में पकड़ाया सिपाही,जमकर हुई धुनाई, एसपी ने किया लाइन हाजिर; जांच
जौनपुर के केराकत कोतवाली क्षेत्र के एक सिपाही को कस्बे की एक महिला के साथ लोगों ने आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। पहले तो उसकी पिटाई की फिर कोतवाली में सूचना दी। इस मामले का संज्ञान लेते हुए कप्तान डॉ. कौस्तुभ ने सिपाही को लाइनहाजिर करते हुए उसके खिलाफ जांच बैठाई है। मामला केराकत कस्बे से जुड़ा हुआ है।
आवाज 24x7......................आवाज 24x7
नवजात की खरीद-फरोख्त: मामले में जांच शुरू,शिकायतकर्ता-हॉस्पिटल संचालकों से हुई पूछताछ
अलीगढ़ में नवजात की खरीद-फरोख्त मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। 2 जनवरी को एसीएमओ कार्यालय में शिकायतकर्ता आसिफ और जीवन हॉस्पिटल के संचालक डॉ. जयंत शर्मा ने पूछताछ की गई। पुलिस ने भी अपने स्तर से जांच शुरू कर दी है। माही हॉस्टिल, मेराज हॉस्पिटल और जीवन हॉस्पिटल के नर्सों के बातचीत में नवजात को खरीदने-बेचने के चार ऑडियो और दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें नवजात की कीमत तीन लाख रुपये लगाई गई हैं।
आवाज 24x7......................आवाज 24x7
होटल में मिला युवक का अर्द्धनग्न शव! दोस्तों संग की थी न्यू ईयर पार्टी, दो कमरे थे बुक,बाहर से आई थी युवती
कानपुर के नजीराबाद थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल में दोस्तों संग न्यू ईयर की पार्टी मनाने गए युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव बाथरूम में अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। पार्टी के दौरान हुई घटना से दोस्तों के होश उड़ गए। परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा।
आवाज 24x7......................आवाज 24x7
पीएम आज दिल्ली को देंगे करोड़ों की योजनाओं की सौगात,डीयू में 600 करोड़ की तीन परियोजनाओं की रखेंगे नींव
दिल्ली में फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी को कई विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें झुग्गी-झोपड़ी वासियों के लिए 1,675 फ्लैटों, नौरोजी नगर में विश्व व्यापार केंद्र (डब्ल्यूटीसी), सरोजिनी नगर में जनरल पूल आवासीय आवास टाइप-2 क्वार्टर और द्वारका में 300 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सीबीएसई के एकीकृत कार्यालय परिसर का उद्घाटन शामिल है।
आवाज 24x7......................आवाज 24x7
उत्तराखंड में कांच के पव्वे पर लगा प्रतिबंध,नए वित्तीय वर्ष में टेट्रा पैक आएंगे
मिलावट से अवैध शराब बनाने के मामलों को देखते हुए आबकारी विभाग ने देशी शराब के कांच के पव्वों पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। वित्तीय वर्ष 2025–26 से देसी मदिरा के पव्वों की जगह टेट्रा पैक आएंगे। नववर्ष के दृष्टिगत जनपद हरिद्वार में समस्त शराब की दुकानों का सघन निरीक्षण किए जाने के लिए टीम का गठन किया गया था, जिसमें शीतला खेड़ा में एक शराब की दुकान से देसी मिलावटी शराब बरामद हुई।
आवाज 24x7......................आवाज 24x7
कोविड-19 के पांच साल बाद चीन में एक और वायरस से हाहाकार,आपातकाल जैसे हालात
कोरोना महामारी की शुरुआत चीन से ही हुई थी। अब पांच साल बाद चीन में एक और खतरनाक वायरस ने हाहाकार मचा दिया है। इस वायरस का नाम ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) बताया जा रहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि यह कोरोना वायरस जैसी ही संक्रामक और जानलेवा है। इससे अभी तक सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है। कुछ रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट से पता चलता है कि चीन में मल्टीपल वायरस अटैक भी हुआ है। इन्फ्लूएंजा ए, एचएमपीवी, माइकोप्लाज्मा निमोनिया और कोविड-19 वायरस तेजी से फैल रहे हैं। अस्पताल और श्मशान घाटों में भीड़ लगी है।
आवाज 24x7......................आवाज 24x7
शेख हसीना को बांग्लादेश को सौंपने के मूड में नहीं है भारत, प्रत्यर्पण की मांग को कर सकता है खारिज
बांग्लादेश ने भारत से पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण का अनुरोध किया है। सूत्रों के अनुसार भारत इस आग्रह पर प्रतिक्रिया देने के मूड में नहीं है। बांग्लादेश ने इसके लिए आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा नहीं किया है। बांग्लादेश ने 23 दिसंबर को दिल्ली स्थित उच्चायोग के माध्यम से भारत सरकार के विदेश मंत्रालय को एक नोट भेजा था, जिसपर किसी के हस्ताक्षर नहीं थे।
आवाज 24x7......................आवाज 24x7
कोहली-गिल ने भारतीय पारी को संभाला,केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल आउट
इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया 5 मैच की बॉर्डर गावस्कर टेस्ट सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। भारतीय पारी का आगाज अच्छा नहीं रहा है, पांचवें ही ओवर में मिचेल स्टार्क ने केएल राहुल (4) को आउट कर भारत को पहला झटका दिया। इसके बाद 8वें ओवर में स्कॉट बोलैंड ने यशस्वी जायसवाल (10) का शिकार किया। शुभमन गिल का साथ देने विराट कोहली आए हैं। भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। बुमराह ने बताया कि आखिरी टेस्ट में रोहित शर्मा ने ना खेलने का फैसला किया है। उनके अलावा आकाशदीप भी चोटिल हैं। सिडनी टेस्ट की प्लेइंग XI में दो बदलाव हैं। शुभमन गिल और प्रसिद्ध कृष्णा को जगह दी गई है।
आवाज 24x7......................आवाज 24x7
निकाय चुनाव में भाजपा पर धन बल का आरोप
ऊधम सिंह नगर जिले की नगला नगर पंचायत में जिसको मिला कांग्रेस का साथ उस निर्दलीय प्रत्याशी ने अपना नाम वापस ले लिया है।आस्तित्व में आने के बाद पहली बार नगला नगर पंचायत के लिए चुनाव हो रहे है। दो दिन पहले कांग्रेस प्रत्याशी हरिओम की उम्र 30 वर्ष न होने पर उनका नामांकन रद्द कर दिया था। जिसके बाद कांग्रेस पार्टी ने निर्दलीय प्रत्याशी राकेश यादव को अपना समर्थन दिया था। समर्थन मिलने के बाद से ही राकेश यादव गायब हो गए थे।
आवाज 24x7...................आवाज 24x7
शिक्षक की शर्मनाक हरकत: दसवीं की छात्रा को घर ले जाकर की अश्लील हरकत
एक शिक्षक ने कक्षा दस की छात्रा को घर ले जाकर पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। छात्रा के बेसुध होने पर शिक्षक ने अश्लील हरकतें की। छात्रा ने विरोध किया तो शिक्षक ने धमकाया। साथ ही धमकी दी कि अगर उसने घर पर किसी को बताया तो वह उसे बदनाम कर देगा। छात्रा ने परिजनों को शिक्षक की करतूत के बारे में बताया तो उनके भी होश उड़ गए। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
आवाज 24x7..................आवाज 24x7
उत्तराखंड निकाय चुनाव: नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने में जुटे राजनीतिक दल, डैमेज कंट्रोल सबसे बड़ी चुनौती
उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियां सातवें आसमान पर है। चुनावी जंग जीतने के लिए उम्मीदवार चुनावी मैदान में न सिर्फ मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटा हुआ है। बल्कि कुछ ने तो अपनी पार्टी के विरोध में ही आवाज बुलंद कर रखी है। बढ़ते विरोध के इस डैमेज को कंट्रोल करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने डैमेज कंट्रोल करने के फार्मूले पर कार्य शुरू कर दिया है। ताकी पार्टी के विरुद्ध नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों को मनाकर, नाम वापस करवाकर नाराजगी को दूर किया जा सके।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
निकाय चुनाव में कांग्रेस कैंडिडेट्स के नॉमिनेशन रद्द,पार्टी ने दी कोर्ट जाने की चुनौती,भाजपा को घेरा
निकाय चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन खारिज होने को लेकर पार्टी के नेताओं में रोष है। पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा देहरादून में वार्ड 49 के इलियास अंसारी और उनके पुत्र वसीम अंसारी का नामांकन खारिज कर दिया गया है। इसी तरह हरबर्टपुर मे कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द कर दिया गया। हरिद्वार जिले के मंगलौर नगर पालिका से कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी इस्लाम का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
प्रयागराज महाकुंभ के लिए उत्तराखंड से चलेगी स्पेशल ट्रेन
यूपी में इस साल 2025 में होने वाले प्रयागराज महाकुंभ को लेकर रेलवे ने भी अपनी तैयारियों शुरू कर दी है। इस बार प्रयागराज महाकुंभ में 30 से 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। उसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने देश भर से प्रयागराज के लिए कुछ स्पेशल ट्रेन चलाई है। ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की दिक्कत न हो। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने देहरादून से प्रयागराज के फाफामऊ के लिए विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
आवाज 24x7...................आवाज 24x7
उत्तराखंड में मदरसों का होगा वेरिफिकेशन, सर्वे कर तैयार होगी रिपोर्ट,डीएम ने दिये निर्देश
उत्तराखंड: जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित अवैध मदरसों के सम्बन्ध बैठक की। इस बैठक में डीएम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिये। डीएम ने जनपद में बिना पंजीकरण के चल रहे मदरसों की डिटेल रिपोर्ट मांगी है। इस काम में जिला अल्पंसख्यक कल्याण अधिकारी और शिक्षा विभाग से समन्वय करते हुए मदरसों का नियमानुसार सर्वे करनेके भी निर्देश दिये गये हैं।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
उत्तराखंड कृषि महाकुंभ: सीएम धामी ने किया ब्रोशर और पोस्टर का विमोचन, 50 देशों के डेलीगेट्स होंगे शामिल
उत्तराखंड के पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में कृषि महाकुंभ का आयोजन होने जा रहा है। 20 फरवरी से 22 फरवरी 2025 तक आयोजित होने वाले 17वें कृषि विज्ञान सम्मेलन में करीब 50 से अधिक देशों के करीब चार हजार डेलीगेट्स शामिल होंगे। इस कृषि महाकुंभ को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को मुख्यमंत्री आवास में 17वें कृषि विज्ञान सम्मेलन एवं कृषि प्रदर्शनी के ब्रोशर और पोस्टर का विमोचन किया।
आवाज 24x7....................आवाज 24x7
हल्द्वानी हिंसा के मुख्य आरोपियों की जमानत पर सुनवाई,हाईकोर्ट ने सुरक्षित रखा निर्णय
उत्तराखंड के हल्द्वानी बनभूलपुरा हिंसा के मुख्य आरोपी अब्दुल मलिक और अब्दुल मोईद की जमानत पर आज 2 जनवरी 2025 को उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की अगुवाई वाली पीठ में सुनवाई हुई। कोर्ट ने इस मामले में अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया। वहीं अन्य आरोपी जावेद सिद्दीकी की डिफॉल्ट बेल (जमानत) पर शुक्रवार को नई बेंच सुनवाई करेगी। हाईकोर्ट में आज अब्दुल मलिक और अब्दुल मोईद की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता सलमान खुर्शीद और जावेद सिद्दीकी की ओर से प्रशांत भूषण ने पैरवी की।
आवाज 24x7...................आवाज 24x7
घर में ही चल रहा था शराब में मिलावट का खेल,आबकारी विभाग ने किया भंडाफोड़, चुनाव में होनी थी सप्लाई
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में आबकारी विभाग को बड़ी कामयाबी मिली है। आबकारी विभाग ने लक्सर क्षेत्र ने घर में रखे अवैध शराब के भंडार का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान आबकारी विभाग को मौके से बड़ी मात्रा में सीरिंज, ढक्कन, बोतलें, पव्वे और होलोग्राम बरामद मिल हैं। मौके पर बरामद माल को आबकारी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि घर के अंदर की शराब मिलावट की जा रही थी। आबकारी विभाग ने आरोपी को हिरासत में लिया है।
आवाज 24x7.................आवाज 24x7
चाइनीज़ मांझे की बिक्री पर लगी रोक, एक्शन में पुलिस, छापेमारी के साथ चेकिंग अभियान शुरू
धर्मनगरी हरिद्वार में चाइनीज मांझा से मौत के बाद अब जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। दरअसल आज जिला अधिकारी ने चाइनीज मांझा की हो रही बिक्री पर रोक और उपयोग करने पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। जिसके बाद एसएसपी परमेंद्र डोभाल ने जनपद के सभी थानों में चाइनीज मांझा को लेकर एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इसी बीच कई दुकानों पर चाइनीस मांझा मिला।
आवाज 24x7...................आवाज 24x7
उत्तराखंड के 12 आईपीएस अफसरों के प्रमोशन पर जल्द लगेगी मुहर
उत्तराखंड में कई आईपीएस अधिकारियों के प्रमोशन का इंतजार खत्म होने जा रहा है। दरअसल गृह विभाग ने 12 आईपीएस अधिकारियों को डीपीसी के बाद पदोन्नति देने के लिए एक्स कैडर पद सृजित कर लिए हैं। जिसके साथ ही नए साल के पहले महीने में ही आईपीएस अधिकारियों की पदोन्नति के लिए डीपीसी की बैठक होने की उम्मीद है।
आवाज 24x7...................आवाज 24x7
गजब का प्रत्याशी! पुरूष ने महिला सीट से भरा पर्चा,हो रही चर्चा
उत्तराखंड में आगामी निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। पिथौरागढ़ जिले के छह निकायों में मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 44 नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो चुकी है, जिसमें कई दावेदारों के नामांकन रद्द हो गए हैं। बेड़ीनाग में सभासद पद के लिए दो दावेदारों का नामांकन इस वजह से रद्द हुआ कि उनके दो से अधिक बच्चे थे। वहीं, धारचूला में महिला सीट पर अध्यक्ष पद की दावेदारी करने वाले पुरुष दावेदार और जाति प्रमाणपत्र न जमा करने वाली महिला दावेदार का नामांकन भी रद्द कर दिया गया है।
आवाज 24x7...................आवाज 24x7
ऊधम सिंह नगर जिले की दिनेशपुर और नानकमत्ता नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद पर भाजपा ने दर्ज कर ली निर्विरोध जीत
उत्तराखंड नगर निकाय चुनाव से पहले ही ऊधम सिंह नगर जिले की 2 दिनेशपुर और नानकमत्ता नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद पर भाजपा ने जीत दर्ज कर ली है। दिनेशपुर में भाजपा प्रत्याशी मंजीत कौर और नानकमत्ता नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह टूरना ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। आज शाम निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
आवाज 24x7...................आवाज 24x7
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने अपने भाई के साथ नामांकन लिया वापस,नगला में कांग्रेस को फिर झटका लगा
बीजेपी नेतृत्व और सीएम पुष्कर सिंह धामी से मिलने के बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल व उनके भाई संजय ठुकराल ने रुद्रपुर नगर निगम के मेयर पद से अपना नामांकन वापस ले लिया है। राजकुमार ठुकराल ने बताया कि सीएम के आश्वाशन पर दोनों भाइयों ने अपना नामांकन वापस लिया है। बता दें कि राजकुमार ठुकराल बीजेपी के पूर्व विधायक रहे है। लेकिन साल 2022 के विधानसभा चुनाव में जब बीजेपी ने राजकुमार ठुकराल को टिकट नहीं दिया तो राजकुमार ठुकराल बागी हो गए थे और उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में ताल ठोकी की थी। इसके बाद बीजेपी ने राजकुमार ठुकराल को पार्टी से निष्कासित भी कर दिया था।
आवाज 24x7...................आवाज 24x7
उत्तराखंड फॉरेस्ट गार्ड नियुक्ति मामला सुलझा, वेटिंग लिस्ट कैंडिडेट्स को मिलेगा अपॉइंटमेंट लेटर
वन विभाग की फॉरेस्ट गार्ड प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों को आखिरकार नियुक्ति पत्र देने की तैयारी की जा रही है। दरअसल काफी समय से इस प्रकरण पर संशय की स्थिति बनी हुई थी। लेकिन अब सभी तकनीकी पहलुओं पर विचार करने के बाद करीब 160 अभ्यर्थियों को फॉरेस्ट गार्ड पद पर नियुक्ति देने की तैयारी हो रही है। उम्मीद है कि इसी महीने दूसरे हफ्ते में इन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दे दिए जाएंगे।