गुड़ मॉर्निंग इंडिया: देर रात हल्द्वानी में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, 4 दोस्तों की मौके पर ही मौत! उत्तराखंड में हुआ 65.10 प्रतिशत मतदान
नमस्कार दोस्तो, गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर आवाज 24x7 एक बार फिर आपके सामने प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज टाटा ग्रुप के चेयरमैन पद से हटाए गए साइरस मिस्त्री की रिव्यू पिटीशन पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा। वहीं आज कर्नाटक में स्कूल-कॉलेजों में हिजाब पहनने की छूट वाली याचिकाओं पर हाईकोर्ट में फिर सुनवाई होगी। उधर आज गृह राज्य मंत्री टेनी के बेटे और लखीमपुर हिंसा कांड में आरोपी आशीष मिश्र की जेल से रिहाई हो सकती है।
अब अभी तक की बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी इस साल दो बार पंजाब गए और दोनों बार बड़ा विवाद हो गया। पहली बार प्रधानमंत्री का काफिला फ्लाईओवर पर रुका था, इस बार मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का हेलिकॉप्टर जमीन पर रुका रहा। यानी उन्हें उड़ान की इजाजत नहीं मिली। यहां PM मोदी के दौरे की वजह से नो फ्लाई जोन बनाया गया था। इससे नाराज चन्नी ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री हूं, कोई आतंकी नहीं।
वहीं देश की सुरक्षा को खतरा बताकर केंद्र सरकार ने 54 चीनी ऐप बैन कर दिए हैं। इनमें काफी पॉपुलर गेम गरेना फ्री फायर और ऐपलॉक भी शामिल हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड आईटी मिनिस्ट्री का कहना है कि ये सभी ऐप चीन और दूसरे देशों में भारतीय यूजर्स का डेटा भेज रहे थे। इन्हें प्ले स्टोर से भी हटाया जाएगा। केंद्र सरकार 29 जून 2020 से अब तक चीन में बने 321 ऐप बैन कर चुकी है।
इधर कर्नाटक में हिजाब पर विवाद और अदालती सुनवाई दोनों जारी हैं। स्कूल-कॉलेज में हिजाब पहनने की छूट मांग रहीं छात्राओं के वकील देवदत्त कामत ने हाईकोर्ट में कहा कि सेंट्रल स्कूल में हिजाब पहनने की इजाजत है, तो राज्य सरकार के स्कूलों में क्यों नहीं? वहीं, कोर्ट के आदेश पर स्कूल खुलने के बाद पहले दिन कई स्टूडेंट्स को हिजाब की वजह से गेट पर ही रोक दिया गया।
अब उत्तराखंड की खबरों की तरफ बढ़ते हैं। देर रात करीब 1.30 बजे हल्द्वानी में चार दोस्तों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में घायल पांचवें की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे एसटीएच में भर्ती कराया गया है। मौत के बाद से स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है।
वहीं प्रदेश में सोमवार को लोकतंत्र के महापर्व में युवाओं, महिलाओं, वृद्धों समेत विभिन्न आयु वर्ग के मतदाताओं ने उत्साह के साथ भागीदारी दर्ज की। निर्वाचन आयोग के अनुसार लगभग 65.10 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।