उत्तराखण्ड में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़! राजस्थान के दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली, आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस

Encounter between police and criminals in Uttarakhand! Two notorious criminals from Rajasthan arrested, one shot in the leg; police investigating criminal history.

देहरादून। उत्तराखण्ड में एक बार फिर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। राजधानी देहरादून में पुलिस को आज गुरुवार तड़के उस समय एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब नयागांव क्षेत्र में चेकिंग और नाकेबंदी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में राजस्थान के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। पुलिस अब फरार तीन अन्य बदमाशों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार नयागांव चौकी बैरियर पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान राजस्थान नंबर की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मारते हुए वाहन को तेज गति से सेलाकुई की दिशा में भगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट हो गई और बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। भागते हुए आरोपी चांदनी चौक होते हुए भूरपुर क्षेत्र की ओर पहुंचे। रामगढ़ क्षेत्र के रपटे के पास उन्होंने अपनी कार छोड़ दी और नदी की ओर भागने लगे। पुलिस टीम जब उनके करीब पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत कार्रवाई कीए जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे आरोपी को पीछा कर दबोच लिया गया। घायल बदमाश को पहले प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए दून अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वर्तमान में उसका उपचार दून अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी की स्थिति तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश भी दिए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, कई जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार को भी कब्जे में ले लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय रिंकू मीणा तथा 32 वर्षीय विनोद कुमार मीणा, निवासी राजस्थान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल आरोपी रिंकू मीणा के खिलाफ राजस्थान में हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विनोद मीणा का भी विभिन्न थानों में आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कई संगीन अपराध दर्ज बताए जा रहे हैं। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पुलिस फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ये अपराधी उत्तराखंड किस उद्देश्य से आए थे और उनका आपराधिक नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।