थाने में 'हाईवोल्टेज ड्रामा': पुलिस के सामने प्रेमिका ने जड़ा ऐसा थप्पड़, छटपटाकर बेहोश हुआ बेवफा प्रेमी,अस्पताल में भर्ती
दुमका। झारखंड के दुमका नगर थाना परिसर में सोमवार को एक ऐसा अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला वाकया सामने आया, जिसने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के होश उड़ा दिए। थाने में चल रही समझौता वार्ता के दौरान अचानक आक्रोशित हुई एक प्रेमिका ने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही अपने प्रेमी की कनपट्टी पर ऐसा जोरदार थप्पड़ रसीद किया कि युवक वहीं जमीन पर गिर पड़ा। थप्पड़ की धमक इतनी तेज थी कि युवक थोड़ी देर तक छटपटाने के बाद मौके पर ही बेहोश हो गया। इस घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र (तलवा गांव) का रहने वाला अशोक मुर्मू दुमका के एसपी कॉलेज में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात दुमका के ही रामगढ़ क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से हुई। धीरे-धीरे दोनों का परिचय प्यार में बदल गया और वे लंबे समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रहे। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो अशोक ने खुद को बेरोजगार बताते हुए पल्ला झाड़ लिया। उसने युवती से बातचीत बंद कर दूरी बना ली और चुपके से काम करने तमिलनाडु चला गया। प्रेमी के इस धोखे और बेवफाई से आहत होकर पीड़ित युवती ने दुमका नगर थाने में न्याय के लिए लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस संवेदनशील मामले को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों को काउंसलिंग के लिए थाने बुलाया। पुलिस के बुलावे पर युवक तमिलनाडु से अपनी मां और मौसी के साथ दुमका पहुंचा। सोमवार को थाने में दोनों पक्षों को बिठाकर पुलिस अधिकारी समझौते का रास्ता निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान युवती को महसूस हुआ कि युवक लगातार उसके प्रति बेहद उपेक्षापूर्ण रवैया अपना रहा है और उसे नजरअंदाज कर रहा है। प्रेमी की इस बेरुखी और अकड़ को प्रेमिका बर्दाश्त नहीं कर पाई। बातचीत के बीच ही वह अचानक अपनी सीट से उठी और तड़ातड़ युवक के कान के नीचे एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ लगते ही युवक जमीन पर गिरा, तड़पा और अचेत हो गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए बेहोश युवक को अपनी जीप में लादा और बिना वक्त गंवाए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीजेएमसीएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया। नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि अचानक हुई इस हाथापाई से कुछ देर के लिए असहज स्थिति पैदा हो गई थी। हालांकि, त्वरित चिकित्सकीय सहायता मिलने के कारण अब पीड़ित युवक की हालत खतरे से बाहर है और वह सामान्य हो रहा है। वहीं, पुलिस अब इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई और शांति व्यवस्था बनाने की प्रक्रिया में जुट गई है।