दिल्ली में धमाके का अलर्टः आतंकियों के निशाने पर चांदनी चौक! सुरक्षा एजेंसियों को मिला इनपुट, अलर्ट मोड पर पुलिस और खुफिया तंत्र

Delhi bomb blast alert: Chandni Chowk targeted by terrorists! Security agencies receive input, police and intelligence agencies on alert.

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला है कि लश्कर-ए-तैयबा लाल किला के सामने धमाके की साजिश रच रहा है। वहीं अलर्ट के बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई है और लाल किला समेत मंदिरों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। सूत्रों के अनुसार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा आईईडी हमले की योजना बना रहा है। बताया जा रहा है कि 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद यह संगठन भारत में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। जैसे ही सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला, दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़भाड़ वाली जगहों पर खास निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि लश्कर के आतंकी देश के किसी बड़े मंदिर को निशाना बना सकते हैं। खासकर दिल्ली के चांदनी चौक के एक प्रमुख मंदिर पर खतरा हो सकता है। किसी भी संभावित हमले को रोकने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बता दें कि 10 नवंबर 2025 को शाम के समय दिल्ली के लाल किले के पास एक बड़ा धमाका हुआ था। इस घटना में कई लोगों की मौत भी हुई थी और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। कई गाड़ियां जलकर खाक हो गई थीं। जांच में सामने आया था कि धमाका एक कार में हुआ था। यह कार धमाके से पहले करीब तीन घंटे तक लाल किला इलाके की पार्किंग में खड़ी रही थी।