नैनीताल में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे! हरिद्वार से जल लेकर लौटे कांवड़ियों का नयना देवी मंदिर में भव्य स्वागत
नैनीताल। सरोवर नगरी आज पूरी तरह शिवमय नजर आई। चारों ओर बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों का नयना देवी मंदिर में भव्य स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों के चरण धोकर उनका आशीर्वाद लिया और पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया। हर वर्ष नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार जाते हैं। यह पूरी यात्रा श्रद्धालु पैदल तय करते हैं, जो लगभग सात से आठ दिनों की कठिन तपस्या समान होती है। गंगाजल लेकर लौटने के बाद भक्त सबसे पहले मां नयना देवी के दर्शन करते हैं और फिर अपने-अपने गांवों की ओर प्रस्थान करते हैं। शिवभक्तों ने बताया कि जब तक शरीर में प्राण हैं, तब तक वे भोले बाबा की सेवा करते रहेंगे। यहां से उनकी अगली यात्रा हरतोला की ओर होगी, जहां महाशिवरात्रि के दिन शिव मंदिर में विधि-विधान से जलाभिषेक किया जाएगा। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल बना हुआ है।