हल्द्वानी के प्रसिद्ध डॉक्टर की काली करतूत! न्यूरोसर्जन डॉ. महेश शर्मा पर दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा दर्ज, पैथोलॉजी लैब संचालिका ने लगाए गंभीर आरोप

Black deeds of the famous doctor of Haldwani! Case filed against neurosurgeon Dr. Mahesh Sharma for attempted rape, pathology lab operator makes serious allegations

हल्द्वानी। शहर के प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन और विवेकानंद अस्पताल के मालिक डॉ. महेश शर्मा पर पुलिस ने दुष्कर्म के प्रयास, छेड़छाड़ व धमकी आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक पैथोलॉजी लैब संचालिका की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार देर रात यह कार्रवाई की है। डॉ. महेश शर्मा पर दारू पीकर लड़की के घर में घुसने और दुष्कर्म की कोशिश का आरोप है। पीड़िता का कहना है कि व्यापार के संबंध में उसका विवेकानंद हॉस्पिटल आना-जाना रहता था। इसी दौरान विवेकानन्द हॉस्पिटल के मालिक डा. महेश शर्मा से उसकी बातचीत होने लगी।

महिला का आरोप है कि डॉक्टर ने खुद को पिथौरागढ़ का बताया और लैब के संचालन में उसकी मदद करने का आश्वासन दिया। यही नहीं डॉक्टर ने पत्नी से अनबन होने और जल्द उससे तलाक लेने की बात भी कही। इसके बाद उससे नजदीकियां बढ़ा लीं। आरोप है कि इसी साल छह जून को डॉक्टर महेश शर्मा शराब के नशे में धुत्त होकर रात 10 बजे उसके घर पहुंच गया। महिला ने बताया कि जब उनसे वापस जाने के लिए कहा गया तो वह विरोध करने लगा। इस दौरान जब उसने रिकॉर्डिंग करने की कोशिश की तो डॉक्टर ने उसका मोबाइल तोड़ दिया। बाद में डॉक्टर चला गया। बताया कि 22 जून को जब वह सैंपल जांच का बकाया भुगतान लेने के लिए शाम 3ः15 बजे डॉक्टर के अस्पताल में पहुंची तो डॉक्टर महेश शर्मा ने अपने चैंबर में उससे अश्लील हरकतें की और जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर डॉक्टर ने बकाया भुगतान न देने, सामाजिक छवि खराब करने और लैब बंद कराने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी दे डाली। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर डॉक्टर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। 

बता दें कि पिछले दिनों सोशल मीडिया पर कुछ स्क्रीनशॉट वायरल हुए थे, जिनमें महेश शर्मा नाम का जिक्र किया गया था। स्क्रीनशॉट में एक युवती का आरोप था कि महेश शर्मा ने उसकी जिंदगी खराब कर दी है। हांलाकि आवाज 24x7 किसी भी वायरल पोस्ट और स्क्रीनशॉट की पुष्टि नहीं करता। युवती का यहां तक आरोप था कि वह महेश शर्मा के बच्चे की मां बनने वाली है। इसके बाद चर्चाएं होने लगी कि युवती ने बच्चे को जन्म भी दे दिया है और वह किसी दूसरे राज्य में रहने लगी है। इस दौरान लेनदेन की बात भी सामने आई थी।