जन्मदिनः 98 के हुए लालकृष्ण आडवाणी! बधाईयों का लगा तांजा, जानें कब लड़ा था पहला लोकसभा चुनाव?

Birthday: Lal Krishna Advani turns 98! Congratulations pour in. Find out when he contested his first Lok Sabha election.

नई दिल्ली। पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी आज शनिवार को 98 वर्ष के हो गए हैं। उनके जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के तमाम बड़े नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने आडवाणी को ‘ऊंचे दृष्टिकोण और बुद्धिमत्ता से संपन्न राजनेता’ बताया और कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन भारत की तरक्की के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने आडवाणी की लंबी उम्र और अच्छी सेहत की कामना की। साथ ही उनकी निस्वार्थ सेवा और अटूट सिद्धांतों की तारीफ की। वहीं आडवाणी के जन्मदिन पर देशभर से लोग उन्हें शुभकानाएं दे रहे हैं। बता दें कि लालकृष्ण आडवाणी बीजेपी के संस्थापक नेताओं में से एक हैं। इससे पहले वह बीजेपी की पूर्ववर्ती भारतीय जनसंघ के बड़े नेता थे। उन्होंने 1970 में पहली बार राज्यसभा का चुनाव जीता और 1989 तक 4 बार राज्यसभा सदस्य रहे। साल 1989 में उन्होंने पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा। नई दिल्ली सीट से उन्होंने कांग्रेस की वी. मोहिनी गिरी को हराकर शानदार जीत हासिल की। इसके साथ ही उनकी लोकसभा की यात्रा शुरू हुई। 1991 के आम चुनाव में आडवाणी ने 2 सीटों से चुनाव लड़ा, गुजरात की गांधीनगर और नई दिल्ली से। नई दिल्ली में उनका मुकाबला बॉलीवुड के सुपरस्टार राजेश खन्ना से था, जो कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतरे थे। पूरे देश की निगाहें नई दिल्ली लोकसभा सीट पर थी, क्योंकि एक तरफ राजनीति के दिग्गज थे तो दूसरी तरफ फिल्मों के सुपरस्टार। मुकाबला इतना रोमांचक था कि आडवाणी सिर्फ 1589 वोटों के अंतर से जीते और राजेश खन्ना चूक गए। आखिरकार आडवाणी ने दोनों सीटें जीत लीं, लेकिन नियम के अनुसार एक सीट छोड़नी पड़ी। उन्होंने गांधीनगर सीट रखी और नई दिल्ली की सीट छोड़ दी। यह चुनाव इतिहास के सबसे चर्चित मुकाबलों में से एक बन गया।