Awaaz24x7-government

बिहारः डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष पर किया सियासी हमला! बोले- तेजस्वी यादव बिहार के हितैषी नहीं, दुश्मन बन चुके हैं

Bihar: Deputy CM Vijay Sinha made a political attack on the Leader of Opposition! Said- Tejashwi Yadav is not a well-wisher of Bihar, he has become its enemy

पटना। बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे मंे राजनीतिक हलचल लगातार तेज होती जा रही है। इस बीच डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने तेजस्वी को बिहार और बिहारी जनता का असली दुश्मन बताया। विजय सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव ने अपनी यात्रा में दो ऐसे चेहरों को बुलाया, जिन्होंने खुलेआम बिहार और बिहारियों का अपमान किया था। एक बयान जारी करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव ने उन लोगों को मंच दिया, जिन्होंने खुलेआम बिहार और बिहारियों का अपमान किया था। उन्होंने रेवंत रेड्डी का जिक्र करते हुए कहा कि वही तेलंगाना के मुख्यमंत्री जिन्होंने कहा था कि बिहार का डीएनए खराब है। इसका मतलब साफ था, पूरे बिहार और यहां के हर नागरिक के सम्मान पर हमला। सिन्हा ने कांग्रेस नेता प्रियंका वाड्रा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रियंका वाड्रा वही कांग्रेस नेता हैं, जो एक मंच पर बैठकर बिहार के लोगों पर की गई गंदी टिप्पणी पर तालियां बजा रही थीं। यह तालियां, बिहारियों के संघर्ष और मेहनतकश जनता का अपमान था। उपमुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि जो नेता बिहार के स्वाभिमान का मजाक उड़ाते हैं, उन्हें तेजस्वी यादव अपने विशेष अतिथि बनाकर बुलाते हैं। उन्होंने कहा कि यह साफ-साफ इशारा है कि तेजस्वी को बिहार के गौरव, बिहार की जनता की मेहनत और बिहार की पहचान से कोई सरोकार नहीं है। तेजस्वी बिहार के हितैषी नहीं, बल्कि दुश्मन बन चुके हैं। उन्होंने तेजस्वी पर सत्ता और कुर्सी की राजनीति के लिए बिहार की अस्मिता से समझौता करने का आरोप लगाया।