बड़ी खबरः हाईकोर्ट पहुंचा प्रियंका गांधी वाड्रा की जेठानी सायरा वाड्रा से जुड़ा खान फार्म विवाद! एडीएम और एसएचओ 6 जुलाई को तलब, 11 जून के आदेशों का हर हाल में पालन कराने के आदेश
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट में उधम सिंह नगर जिले के किच्छा में पिपलिया मोड़ स्थित खान फार्म पर जबरन कब्जे के बाद वहां मौजूद महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा मुहैय्या कराए जाने को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई हुई। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट की एकलपीठ ने सख्त रुख अपनाते हुए एडीएम सहित एसएचओ को कोर्ट के 11 जून 2026 के आदेशों का सख्ती से पालन कराते हुए 6 जुलाई को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होने को कहा है। मामले की सुनवाई के लिए 6 जुलाई की तिथि नियत की है। बता दें कि सिकंदर आलम खान ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर कहा है कि उधम सिंह नगर जनपद के किच्छा क्षेत्र स्थित पिपलिया मोड़ पर स्थित एक खान फार्म है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा की जेठानी सायरा वाड्रा और दूसरे पक्ष की ओर से नसरीन सांगा हैं। दोनों ही इस फार्म पर अपना अधिकार बता रही हैं। जबकि यह फार्म हाउस उनकी बुआ का है। उन्होंने अपनी वसीयत में सायरा और उनके कजिन भाई सिकंदर आलम खान को 2024 में वसीयत में डाला था। बुआ ने यह विल उनके नाम की थी। बुआ की मृत्यु 18 दिसंबर 2025 को हुई थी। जैसे ही इसकी खबर दूसरे पक्ष (बुआ की बहन) को लगी वो अपने माफिया टाइप गुंडों के साथ अंदर घुस गईं। उनके पास ओरिजिनल रजिस्टर्ड वसीयत है और उन्होंने कोर्ट से स्टे आर्डर भी लिया है, लेकिन दूसरे पक्ष के लोग कोर्ट के आदेश नही मान रहे हैं। याचिका में कोर्ट से प्रार्थना की गई है कि मामले हस्तक्षेप कर उन्हें न्याय दिलाए।