बड़ी खबरः प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज अब रात के समय नहीं देंगे दर्शन! जानें आश्रम ने क्यों लिया बड़ा फैसला
नई दिल्ली। मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज अब रात के समय भक्तों को दर्शन नहीं देंगे। भक्तों को अब एकांकी दर्शन लाभ ही मिल पाएगा। बढ़ती भीड़ और महाराज के स्वास्थ्य का हवाला देकर आश्रम प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है। श्री हित राधा केलि कुंज परिकर की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि यह निर्णय अनिश्चितकाल के लिए लिया गया है। संत प्रेमानंद महाराज के सोशल मीडिया पेज पर जारी संदेश में लिखा है कि आप सभी को सूचित किया जाता है कि पूज्य महाराज जी के स्वास्थ्य और बढ़ती भीड़ को देखते हुए, पूज्य महाराज जी, जो पद यात्रा करते हुए रात्रि 2ः30 बजे से श्री हित राधा केलि कुंज जाते थे, जिसमें सब दर्शन पाते थे, वो अनिश्चित काल के लिए बंद किया जाता है। दरअसल प्रेमानंद महाराज रात्रिकाल में 2ः30 बजे छटीकरा रोड पर मौजूद श्री कृष्ण शरणम् सोसाइटी से रमणरेती क्षेत्र स्थित अपने आश्रम श्रभ् हित राधा केलि कुंज जाते थे। करीब 2 किलोमीटर की इस पद यात्रा के दौरान महाराज की झलक पाने के लिए हजारों की तादाद में लोग उमड़ पड़ते थे।