अमेरिका से ट्रेड वार के बीच आई बड़ी खबर! भारत आएंगे रूसी राष्ट्रपति पुतिन, NSA अजीत डोभाल ने की दौरे की पुष्टि

नई दिल्ली। भारत-अमेरिका ट्रेड वार के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन जल्द भारत के दौरे पर आने वाले हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने पुतिन के भारत दौरे के कार्यक्रम की पुष्टि कर दी है। पीएम मोदी ने पुतिन को भारत आने का न्यौता दिया था। एनएसए अजीत डोभाल ने कहा कि पुतिन के भारत दौरे से वह काफी उत्साहित हैं। अजीत डोभाल ने यह घोषणा बृहस्पतिवार को मॉस्को में की। मॉस्को दौरे पर गए एनएसए अजीत डोभाल ने कहा कि भारत और रूस एक दूसरे के रणनीतिक साझेदार हैं। उनके इस दौरे से दोनों देशों के बीच की यह साझेदारी और गहरी होगी। राष्ट्रपति पुतिन ऐसे वक्त में नई दिल्ली की यात्रा करेंगे, जब अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड वार छिड़ा हुआ है। ऐसे में भारत और रूस मिलकर अमेरिका से निपटने की रणनीति बना सकते हैं। बता दें कि रूस के राष्ट्रपति पुतिन वर्ष 2000 से कई बार भारत आ चुके हैं। उनका आखिरी दौरा दिसंबर 2021 में हुआ था। वह भारत -रूस के 21वें सम्मेलन में सम्मिलित होने आए थे। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात की थी और कई अहम समझौते किए थे। इसके बाद 2022 से रूस-यूक्रेन का युद्ध शुरू हो जाने के बाद राष्ट्रपति पुतिन भारत नहीं आ सके। ऐसे में वह पूरे 4 साल बाद भारत आएंगे। वह 23वें भारत-रूस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।