बड़ी खबरः अब प्रह्लाद जोशी संभालेंगे शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार! धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मंजूर
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को राष्ट्रपति ने मंजूरी दे दी है। उनके इस्तीफे के बाद शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी फिलहाल केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी को सौंपी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति ने प्रह्लाद जोशी को उनके मौजूदा मंत्रालयों के साथ शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपने का आदेश जारी किया है। जारी अधिसूचना के मुताबिक, प्रह्लाद जोशी अब अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ शिक्षा मंत्रालय का कामकाज भी संभालेंगे। हालांकि, यह व्यवस्था फिलहाल अतिरिक्त प्रभार के तौर पर की गई है। उनके पास पहले से मौजूद उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की जिम्मेदारी भी बनी रहेगी। बता दें कि आज शनिवार को केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दिया था। उनके इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र सड़कों पर उतरे हुए थे और पिछले कई दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के नेतृत्व में बड़ा आंदोलन चल रहा था। आज धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सीजेपी प्रतिनिधिमण्डल की सरकार से तीसरे दौर की वार्ता हुई, जिसमें छात्रों की मांगों पर सहमति बनने के बाद सीजेपी ने आंदोलन को समाप्त करने का ऐलान किया।