BIG BREAKING: एअर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की अफवाह से हड़कंप! फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रहे विमान की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, CISF और बम निरोधक दस्ते ने खंगाला विमान
नई दिल्ली। जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-2030 को सुरक्षा अलर्ट मिलने के बाद जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। विमान को जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारने के बाद आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की। शुरुआती सूचनाओं में बम की धमकी और विमान हाईजैक होने की आशंका जैसी बातें सामने आईं, लेकिन एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अब तक हाईजैक की कोई पुष्टि नहीं हुई है। जयपुर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद विमान को अलग जगह पर ले जाया गया। इसे आइसोलेशन बे कहा जाता है। यहां सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने विमान की तलाशी ली। यात्रियों के सामान की भी जांच की गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया।
बताया जा रहा है कि विमान भारतीय हवाई क्षेत्र के करीब पहुंच रहा था। इसी दौरान सुरक्षा अलर्ट मिला। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) और सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दी गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को दिल्ली के बजाय जयपुर भेजने का फैसला लिया गया। हांलाकि खबर लिखे जाने तक एयरपोर्ट प्रशासन और एअर इंडिया की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। सुरक्षा अलर्ट कैसे मिला और इसके पीछे की असली वजह क्या थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। बता दें कि एअर इंडिया ग्रुप के विमान में इससे पहले ऐसी घटना 31 अगस्त 2026 को हुई थी। तब सऊदी अरब के दम्माम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-170 के टॉयलेट में ‘BOMB’ लिखा टिश्यू पेपर मिला था। इसके बाद पायलट ने विमान को अहमदाबाद की ओर डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई थी। विमान में सवार सभी 32 यात्री सुरक्षित थे। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।