Big Breaking: वायनाड में प्रियंका गांधी की आंधी! तोड़ा भाई राहुल गांधी का रिकॉर्ड, 4 लाख से अधिक वोटों से जीतीं

Big Breaking: Priyanka Gandhi's storm in Wayanad! Broke Bhai Rahul Gandhi's record, wins by more than 4 lakh votes

नई दिल्ली। वायनाड उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रियंका गांधी ने प्रचंड जीत हासिल की है। इसी के साथ ये सीट कांग्रेस का गढ़ बन गई है, जिसे हिलाना किसी भी पार्टी के लिए मुश्किल हो गया है। चुनाव आयोग के मुताबिक वायनाड सीट पर प्रियंका गांधी को 6 लाख 22 हजार 338 वोट मिले हैं, जबकि सीपीआई के उम्मीदवार सत्यन मोकेरी को 2 लाख 11407 वोट मिले। वहीं बीजेपी तीसरे स्थान पर रही। उसकी उम्मीदवार नव्या हरिदास के खाते में 109939 वोट गए। प्रियंका गांधी ने सीपीआई को 410931 वोटों के विशाल अंतर से हराया। बता दें कि इस सीट से राहुल गांधी लगातार दूसरी बार 2024 के आम चुनावों में जीत कर संसद पहुंचे थे। इस बार उन्होंने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा की सीपीआई (एम) के उम्मीदवार एनी राजा को 3 लाख 64 हजार से अधिक वोटों से शिकस्त दी थी। जीत के बाद प्रियंका गांधी ने वायनाड की जनता को बधाई दी और आभार जताया। प्रियंका गांधी ने एक्स पर कहा कि आपने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए मैं आपका बहुत आभारी हूं। मैं यह सुनिश्चित करूंगी कि समय के साथ, आपको वास्तव में यह महसूस हो कि यह जीत आपकी जीत है और जिस शख्स को आपने अपना प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना है, वह आपकी उम्मीदों और सपनों को समझता है और आपके लिए लड़ता है। मैं संसद में आपकी आवाज बनने के लिए उत्सुक हूं।