Big Breaking: उत्तराखंड के नैनीताल में बड़ा हादसा! खाई में गिरा सवारियों से भरा मैक्स वाहन, 5 से 6 लोगों की मरने की आशंका
नैनीताल। नैनीताल से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां हल्द्वानी से पुटपुड़ी जा रही एक मैक्स बुधवार देर शाम ओखलकांडा के पतलोट मोटर मार्ग से दो किमी पहले अनरबन के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिर गई। इस हादसे में वाहन चालक समेत 5 से 6 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। उधर विधायक राम सिंह कैड़ा ने घायलों का हाल जाना। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पतलोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से उन्हें एबुलेंस की मदद से हल्द्वानी एसटीएच रेफर किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे। खबर है कि हादसे में वाहन चालक भुवन चंद्र भट्ट पुत्र डुंगर देव भट्ट निवासी पुटपुड़ी, उमेश परगांई पुत्र हरीश परगांई निवासी भद्रकोट, ममता भट्ट पुत्री भोलादत्त निवासी पुटपुड़ी, कविता परगांई पुत्री महेश निवासी भद्रकोट, पार्वती देवी पत्नी महेश चंद्र निवासी भद्रकोट और महेश चंद्र परगांई पुत्री रमेश चंद्र की मौके पर मौत हो गई। वहीं घायलों को हल्द्वानी एसटीएच में भर्ती कराया गया है। विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि उन्होंने हादसे की सूचना मुख्यमंत्री को दी है। साथ ही डीएम से मृतकों का पोस्टमार्टम पतलोट में ही कराने के लिए कहा है। विधायक ने प्रशासन से मृतकों और घायलों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया की देर रात 9.30 बजे तक पुलिस और जिला प्रशासन के उच्च अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे थे। इसको लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। हालांकि खनस्यू थानाध्यक्ष और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाए रखा।