Big Breaking: क्रिकेट खेलते-खेलते 22 साल के लड़के को पड़ा दिल का दौरा! अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत, परिवार में पसरा मातम
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के खरगोन से दुखद खबर सामने आई है। यहां क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान बालिंग के बाद 22 साल के प्लेयर को हार्ट अटैक आ गया। अचानक उठे दर्द के बाद प्लेयर को उसके साथी खिलाड़ी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद युवक के घर में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार खरगोन जिला मुख्यालय से करीब 90 किलोमीटर दूर बलवाड़ा थाना क्षेत्र के काटकूट गांव में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था।
यहां बरझर की टीम की ओर से 22 वर्षीय इंदल पुत्र राम प्रसाद ने जबरदस्त बैटिंग की और टीम का अच्छा स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जब बॉलिंग की बारी आई तो इंदल ने शानदार बॉलिंग की, लेकिन बॉलिंग के दौरान ही इंदल को कुछ तकलीफ हुई तो बॉलिंग बीच में छोड़कर मैदान में एक पेड़ के नीचे जाकर बैठ गया। कुछ देर बाद दोस्तों को आवाज लगाकर कहा कि मेरे सीने में दर्द हो रहा है। मुझे अस्पताल ले चलो। इसके बाद उसके खिलाड़ी दोस्त इंदल को तुरंत काटकूट के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने इंदल को बड़वाह ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद सभी खिलाड़ी इंदल को महेश्वर रोड स्थित निजी अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने इंदल को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल शुरू की। शव को शासकीय अस्पताल लाया गया। इस घटना के बाद इंदल के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इंदल के साथी खिलाड़ी भी अपने दोस्त को खो देने के गम में डूबे थे।