बड़ा हादसाः वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन! पांच लोगों की मौत, रोकी गई यात्रा

नई दिल्ली। जम्मू के वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर आज मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां भूस्खलन से पांच लोगों की मौत हो गई है और 14 श्रद्धालु घायल हुए हैं। भूस्खलन की घटना के बाद वैष्णो देवी की यात्रा स्थगित कर दी गई है। अधक्वारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भूस्खलन की घटना हुई और प्रशासन का बचाव अभियान जारी है। यह घटना दोपहर करीब 3 बजे हुई। बता दें कि मंदिर तक जाने वाले 12 किलोमीटर के घुमावदार रास्ते के लगभग आधे रास्ते में यह आपदा आई और यात्रा रोकनी पड़ी। घायलों को इलाज के लिए कटरा स्थित अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के तुरंत बाद श्राइन बोर्ड और सुरक्षा बलों ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। ट्रैक पर मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ-साथ एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर अलर्ट मोड पर है। इस बीच भूस्खलन की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें ट्रैक पर फैला मलबा और चट्टानें साफ दिखाई दे रही हैं। बारिश के बीच सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं को रस्सियों और बैरिकेडिंग की मदद से निकालते दिखे। वहीं जम्मू शहर के सुंजवां इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इधर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है। अर्धकुंवारी से भवन तक का मार्ग बंद कर दिया गया है। निचले ट्रैक से भी श्रद्धालुओं की आवाजाही सीमित कर दी गई है, जो श्रद्धालु यात्रा पर हैं, उन्हें सुरक्षित स्थलों पर ठहराया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में मोबाइल और इंटरनेट सेवा ठप है।