पंजाब में बड़ा हादसा! नाले में गिरी प्राइवेट कंपनी की बस, आठ लोगों की मौत

नई दिल्ली। पंजाब में आज शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हुआ है, यहां बठिंडा तलवंडी साबो रोड पर गांव जीवन सिंह वाला के पास निजी बस हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस अनयंत्रित होकर नाले में गिर गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। वहीं करीब 35 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तलवंडी साबो के अस्पताल में पहुंचाया गया है। वहीं कुछ घायलों का इलाज सिविल अस्पताल बठिंडा में चल रहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सरदूलगढ़ से लोकल सवारियों को लेकर 52 सीटर निजी बस सरदूलगढ़ से बठिंडा के लिए रवाना हुई थी। बस तलवंडी साबो से सवारी लेकर जैसे ही गांव जीवन सिंह वाला से कुछ दूरी पर भांगीबांदर के पास से गुजरने वाले गंदे नाले के पास पहुंची तो यहां सुबह से हो रही बारिश के कारण सड़क पर भरी गाद की वजह से फिसलन होने से नाले में जा गिरी। सड़क पर फिसलन होने के कारण चालक बस को कंट्रोल नहीं कर सका व बस नाले में गिर गई। इसके चलते बस में सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य करीब 35 सवारियां गंभीर घायल हुई हैं। चीखे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान जिला पुलिस प्रशासन के साथ सामाजिक संस्थाओं को सूचित कर घायलों को बस से बाहर निकालने का काम शुरू किया। इस दौरान आठ मृतकों को बाहर निकालने के साथ करीब 35 अन्य घायल सवारियों को बाहर निकाला गया।