मॉनसून सत्र से पहले बोले पीएम मोदी: ऑपरेशन सिंदूर पूरी तरह सफल! दुनिया ने देखा हमारा सैन्य सामर्थ्य 

Before the monsoon session, PM Modi said: Operation Sindoor was completely successful! The world saw our military power

आज से संसद का मॉनसून सत्र 2025 शुरू हो रहा है। सत्र की शुरुआत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधन में कहा, 'बारिश हर परिवार की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। आने वाले दिनों देश को इसका लाभ होगा। ये मानसून सत्र राष्ट्र के लिए गौरवपूर्ण सत्र है। 

संसद के मानसून सत्र से पहले पीएम मोदी ने कहा कि यह मानसून सत्र देश के लिए बेहद गौरवपूर्ण है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के कदम रखने और ऑपरेशन सिंदूर में उसके पराक्रम का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि इस दशक में शांति और प्रगति देखी गई, लाल गलियारा अब हरित विकास क्षेत्र में बदल रहा है। 2014 से पहले मुद्रास्फीति दर दहाई अंक में हुआ करती थी, अब यह लगभग दो प्रतिशत है। मुद्रास्फीति कम है और विकास दर ऊंची है। प्रधानमंत्री मोदी ने बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल के सांसदों और उनकी पार्टियों के विदेश दौरे की सराहना की और कहा कि उन्होंने सकारात्मक माहौल बनाया। प्रधानमंत्री मोदी ने सशस्त्र बलों के पराक्रम का बखान करते हुए सांसदों और विभिन्न राजनीतिक दलों से एकता का संदेश देने की अपील की।

पीएम ने सत्र की शुरुआत में कहा कि मॉनसून नवीनता और नवसृजन का प्रतीक है। अब तक की खबरों के मुताबिक देश में मौसम बहुत ही अच्छे ढंग से आगे बढ़ रहा है। कृषि को लाभदायक मौसम की खबरें हैं। बारिश किसानों की अर्थव्यवस्था,देश की अर्थव्यवस्था, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और हर परिवार की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण होता है। पिछले 10 सालों में इस बार 3 गुना पानी का भंडार हुआ है, जिसका आने वाले दिनों में भी देश के अर्थतंत्र को बहुत लाभ होगा। पीएम ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा, 'दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना का सामर्थ्य देखा। ऑपरेशन सिंदूर के तहत, 22 मिनट के अंदर, आतंकवादियों के आकाओं के घरों को जमींदोज कर दिया गया। मेड इन इंडिया सैन्य शक्ति के इस नए रूप की ओर दुनिया बहुत आकर्षित हुई है। इन दिनों जब भी मैं दुनिया के लोगों से मिलता हूं तो भारत द्वारा बनाए जा रहे मेड इन इंडिया हथियारों के प्रति दुनिया का आकर्षण बढ़ता ही जा रहा है। पीएम ने कहा कि आज हमारे सुरक्षा बल एक नए आत्मविश्वास और नक्सलवाद को खत्म करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। आज कई जिले नक्सलवाद से मुक्त हैं। देश में माओवाद और नक्सलवाद का दायरा छोटा हो रहा है। हमें गर्व है कि बंदूक के आगे हमारे देश का संविधान जीत रहा है। जो जोन पहले रेड जोन थे, वो अब देश के लिए ग्रीन जोन बनते जा रहे हैं और इस सत्र में देश के इस गौरवगान के पूरा देश सुनेगा और हर सांसद से सुनेगा। 

पीएम ने भारत की अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पहले हम दुनिया में 10वें नंबर की अर्थव्यवस्था थे,लेकिन अब हम दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनाने जा रहे हैं। भारत दुनिया के मंच पर अपनी तक्करी से दस्तक दे रहा है। आर्थिक क्षेत्र में जब 2014 में आप सभी ने हमें ज़िम्मेदारी दी थी,तब देश फ्रैजाइल फाइव के चरण से गुज़र रहा था। 2014 से पहले हम वैश्विक अर्थव्यवस्था में दसवें नंबर पर थे। आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेज़ गति से आगे बढ़ रहा है। पीएम ने ये भी कहा, 2014 से पहले देश में एक समय ऐसा था जब मुद्रास्फीति की दर दोहरे अंकों में थी। आज ये दर घटकर लगभग दो प्रतिशत रह जाने से,देश के आम लोगों के जीवन में राहत और सुविधा आई है। 25 करोड़ गरीब लोग गरीबी से बाहर आ गए हैं,जिसकी सराहना दुनिया की कई संस्थाएं कर रही हैं।