विधानसभा चुनावः दिल्ली में मतदान जारी! राष्ट्रपति और सीजेआई ने डाला वोट, बूथों के बाहर लंबी कतारें
नई दिल्ली। दिल्ली में आज विधानसभा चुनाव के लिए सभी 70 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस दौरान दिल्ली के 1.56 करोड़ वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे और करीब 700 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। नतीजों की घोषणा 8 फरवरी को होगी। खबरों के मुताबिक सुबह 9 बजे तक 8.10 फीसदी मतदान हुआ है। बता दें कि 70 विधानसभा सीटों के लिए 13,766 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर अर्धसैनिक बलों की 220 कंपनियां, 35,626 दिल्ली पुलिस के जवान और 19,000 होमगार्ड तैनात किए हैं। लगभग 3,000 मतदान केंद्रों को संवेदनशील के रूप में चिन्हित किया गया है। जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान के दौरान पुलिस टीम ड्रोन से भी निगरानी रखेगी।
इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया। वह सुबह करीब 8.45 पर प्रेजीडेंट ईस्टेट स्थित केंद्रीय विद्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव खन्ना ने मतदान किया। उन्होंने निर्माण भवन में बने पोलिंग बूथ में वोट डाला।