आंध्र प्रदेश को आज मिलेगा नया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा: पीएम मोदी देंगे 18,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

Andhra Pradesh to get a new international airport today: PM Modi to gift development projects worth ₹18,000 crore.

नई दिल्ली। उत्तर आंध्र प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को विजयनगरम जिले के भोगापुरम में नवनिर्मित 'अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे' का भव्य उद्घाटन करेंगे। लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस अति-आधुनिक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के साथ ही प्रधानमंत्री राज्य को करीब 18,000 करोड़ रुपये की विभिन्न मेगा विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में बने अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। करीब 5,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह अत्याधुनिक एयरपोर्ट उत्तर आंध्र के विकास का नया द्वार माना जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री राज्य को करीब 18 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिनमें सेमीकंडक्टर, ऊर्जा और बिजली अवसंरचना से जुड़ी कई अहम योजनाएं शामिल हैं।प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे एयरपोर्ट के आधुनिक टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ परियोजना का निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात वह जनसभा स्थल पहुंचेंगे, जहां जनजातीय समुदाय की 13,500 से अधिक महिलाएं और छात्र-छात्राएं पारंपरिक ढिमसा नृत्य के माध्यम से उनका स्वागत करेंगे। भोगापुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अत्याधुनिक तकनीक और स्थानीय संस्कृति के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। पहले चरण में इसकी क्षमता प्रतिवर्ष 60 लाख यात्रियों को संभालने की होगी, जबकि भविष्य में इसे बढ़ाकर 4 करोड़ यात्रियों प्रति वर्ष तक करने की योजना है। एयरपोर्ट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), बिल्डिंग इन्फॉर्मेशन मॉडलिंग (बीआईएम), एयरसाइड 4.0, एयरपोर्ट प्रेडिक्टिव ऑपरेशंस सेंटर (एपीओसी) और बायोमेट्रिक यात्री प्रणाली जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। इसका वास्तुशिल्प आंध्र प्रदेश की पारंपरिक संस्कृति, अराकू घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय झोपड़ियों की शैली से प्रेरित है। प्रधानमंत्री विशाखापत्तनम में 460 करोड़ रुपये की लागत वाली राज्य की पहली सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई की आधारशिला भी रखेंगे। इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत विकसित इस परियोजना में हर वर्ष लगभग 9.6 करोड़ सेमीकंडक्टर चिप का उत्पादन होगा, जिससे इलेक्ट्रॉनिक्स और सहायक उद्योगों को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। ऊर्जा क्षेत्र में भी प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। कुरनूल-4 नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना के लिए लगभग 5,550 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बिजली ट्रांसमिशन लाइन की आधारशिला रखी जाएगी। इसके अलावा 3,550 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पवन और सौर ऊर्जा ट्रांसमिशन लाइन तथा 820 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली अनंतपुरम और कुरनूल की सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए विकसित ट्रांसमिशन नेटवर्क का उद्घाटन भी किया जाएगा। राज्य सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से उत्तर आंध्र में निवेश, उद्योग, निर्यात, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। विशेष रूप से भोगापुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा क्षेत्र को वैश्विक कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जबकि सेमीकंडक्टर और हरित ऊर्जा परियोजनाएं आंध्र प्रदेश को देश के उभरते औद्योगिक और तकनीकी केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएंगी। प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य के बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।