रांची से हवाई सफर हुआ और आसान: जुलाई में उड़ेंगी 23 नियमित फ्लाइट्स; दिल्ली-बेंगलुरु समेत 10 बड़े शहरों के लिए डायरेक्ट कनेक्टिविटी

Air travel from Ranchi becomes easier: 23 regular flights scheduled for July; direct connections to 10 major cities, including Delhi and Bengaluru.

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से देश के महानगरों और प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों की यात्रा करने वाले हवाई यात्रियों के लिए जुलाई का महीना बड़ी सौगात लेकर आया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक के लिए नया और अपग्रेडेड फ्लाइट शेड्यूल जारी कर दिया है। इस नए शेड्यूल के तहत रांची से देश के 10 प्रमुख शहरों के लिए रोजाना 23 नियमित उड़ानों का संचालन किया जाएगा। इस विस्तार से झारखंड से बाहर जाने वाले कारोबारियों, छात्रों, पर्यटकों और इलाज के लिए सफर करने वाले मरीजों को पहले की तुलना में कहीं अधिक सहूलियत और बेहतर विकल्प मिलेंगे। नवेली उड़ानों के इस नए टाइमटेबल के अनुसार, रांची अब देश के मुख्य आर्थिक और शैक्षणिक केंद्रों से सीधे तौर पर जुड़ गया है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से जिन शहरों के लिए नियमित विमान सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, उनमें शामिल हैं.दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता,हैदराबाद, चेन्नई पुणे, अहमदाबाद, पटना और भुवनेश्वर है। 

जुलाई माह के इस नए शेड्यूल में विमानन क्षेत्र की दो प्रमुख कंपनियां इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस सबसे ज्यादा उड़ानों का संचालन करेंगी। यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए दिल्ली-रांची और रांची-बेंगलुरु सेक्टर्स पर दिनभर में कई उड़ानों (फ्रीक्वेंसी) का विकल्प दिया गया है। बेंगलुरु और पुणे रूट पर उड़ानों की संख्या बढ़ने से रांची के आईटी प्रोफेशनल्स, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों और व्यावसायिक यात्रियों को सीधा फायदा पहुंचेगा। शेड्यूल के मुताबिक, सुबह 7:55 बजे पुणे से आने वाली इंडिगो की उड़ान रांची एयरपोर्ट पर लैंड करेगी और यही विमान आगे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगा। इसके तुरंत बाद, सुबह 8:05 बजे कोलकाता से आने वाली फ्लाइट यात्रियों को लेकर वापस कोलकाता जाएगी। वहीं, रात के समय भी हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत रखा गया है। रात 9:05 बजे कोलकाता से आने वाली इंडिगो की अंतिम उड़ान रांची पहुंचेगी और ठीक 20 मिनट बाद यानी रात 9:25 बजे वापस कोलकाता के लिए रवाना हो जाएगी। रांची एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी के इस लगातार होते विस्तार को राज्य के आर्थिक विकास से भी जोड़कर देखा जा रहा है। उद्योग जगत के जानकारों का मानना है कि अहमदाबाद, मुंबई और दिल्ली जैसे औद्योगिक शहरों के लिए बेहतर और तेज आवागमन की सुविधा मिलने से झारखंड में व्यापार, नए निवेश और उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही उच्च शिक्षा और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए चेन्नई, हैदराबाद या दिल्ली जाने वाले लोगों को अब टिकट बुकिंग के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने नया टाइमटेबल साझा करते हुए कहा, "जुलाई महीने का नया फ्लाइट शेड्यूल पूरी तरह तैयार कर लागू कर दिया गया है। देश के 10 महत्वपूर्ण शहरों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी देना और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारी कोशिश रहेगी कि सभी उड़ानों का संचालन अपने निर्धारित समय पर ही हो।" इसके साथ ही एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से विशेष अपील की है कि वे मौसम के मिजाज और तकनीकी कारणों को ध्यान में रखते हुए अपने घर से निकलने से पहले संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या कस्टमर केयर से अपनी फ्लाइट का लाइव स्टेटस और समय अवश्य जांच लें, ताकि एयरपोर्ट पर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।