बिहार में कृषि-ग्रामीण विकास को मिलेगी नई रफ्तार: पटना पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान,सीएम सम्राट चौधरी से की खास मुलाकात
पटना। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने तय कार्यक्रम के अनुसार पटना पहुंच चुके हैं। बुधवार, 17 जून को उनके पटना आगमन पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोकसेवक आवास पहुंचकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच एक बेहद महत्वपूर्ण और उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें बिहार के कृषि परिदृश्य को बदलने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
लोकसेवक आवास पर आयोजित इस विशेष बैठक में ग्रामीण विकास, कृषि क्षेत्र में आधुनिक नवाचार, किसानों की आय में वृद्धि तथा महिला सशक्तिकरण जैसे गंभीर विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान बिहार में कृषि एवं ग्रामीण विकास को एक नई गति देने के संकल्प को दोहराया गया। इसके साथ ही किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने, एकीकृत खेती (इंटीग्रेटेड फार्मिंग) को बढ़ावा देने तथा राज्य की 'जीविका दीदियों' के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु कई दूरगामी निर्णय लिए गए। पटना में मीडिया से मुखातिब होते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा, "यह धरती मां केवल हमारे लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी है. पेड़ लगाना मनुष्य मात्र के साथ-साथ प्रकृति के तमाम जीव-जंतुओं और पशु-पक्षियों की सेवा है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा संपूर्ण जीव जगत की चिंता की है, और इसी सोच के साथ उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का आह्वान किया है। केंद्र की एनडीए सरकार के शानदार सफर के उपलक्ष्य में बिहार भाजपा द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज दोपहर 1 बजे पटना के विद्यापति भवन में एक भव्य सम्मेलन आयोजित है, जिसमें शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प पर बात करेंगे। इसके बाद, शाम 3 बजे वे भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे, जहां वे बिहार में कृषि विकास के रोडमैप, किसान हितैषी योजनाओं और राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालातों पर मीडिया के सवालों का जवाब देंगे। इस दौरान मंच पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।