बिहार में पर्यटन का नया अध्याय: सीएम सम्राट चौधरी आज देंगे 'पटना जॉय राइड' का तोहफा, आसमान से दिखेगा राजधानी का विहंगम नजारा
पटना। बिहार के पर्यटन क्षेत्र को एक नई और आधुनिक उड़ान देने के लिए आज का दिन बेहद ऐतिहासिक होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज राज्यवासियों को एक अनूठा और रोमांचक तोहफा सौंपेंगे। दोपहर ठीक 3 बजे पटना के स्टेट हैंगर से मुख्यमंत्री 'बिहार हेली पर्यटन एवं एयर पर्यटन योजना-2026' के अंतर्गत 'पटना जॉय राइड' का भव्य शुभारंभ करेंगे। इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत के साथ ही अब आम नागरिकों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए राजधानी पटना की वादियों और प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों को आसमान से निहारने का सपना सच होने जा रहा है।
बिहार पर्यटन विभाग द्वारा तैयार की गई इस खास पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य में आने वाले सैलानियों को एक बिल्कुल नया और अनूठा अनुभव प्रदान करना है। अब तक लोग जिन ऐतिहासिक और प्रमुख स्थलों को जमीन से देखते आए हैं, उन्हें अब 'पटना जॉय राइड' के माध्यम से हवा में तैरते हुए एक विहंगम और यादगार नजरिए से देख सकेंगे। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से न केवल बिहार में एडवेंचर और एयर टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि इससे राज्य के राजस्व और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इस ऐतिहासिक योजना के महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा बिहार हेली पर्यटन एवं एयर पर्यटन योजना-2026 राज्य के पर्यटन और विकास के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम है। इस योजना के माध्यम से हमारा प्रयास है कि आम जनता और पर्यटकों को बेहद सुरक्षित, सुलभ और रोमांचक हवाई यात्रा का अनुभव कराया जाए। यह पहल वैश्विक पटल पर बिहार के पर्यटन को एक नई और आधुनिक पहचान देगी। आज दोपहर होने वाले इस हाई-प्रोफाइल उद्घाटन समारोह को लेकर पटना के स्टेट हैंगर पर सभी प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी खुद सुरक्षा मानकों और हेलीकॉप्टर के ट्रायल रन की निगरानी कर रहे हैं। इस योजना को लेकर पटना सहित पूरे बिहार के युवाओं और आम नागरिकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में इस हेली सेवा का विस्तार राज्य के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे बोधगया, राजगीर और नालंदा तक करने की भी योजना है, जिससे बिहार का पर्यटन पूरी तरह हाई-टेक हो जाएगा।