खड़गे का उत्तराखंड दौरा: रुद्रपुर में कांग्रेस का मंथन! 2027 के लिए एकजुट होकर मैदान में उतरने का दिया मंत्र, संगठन मजबूत करने और Gen Z के मुद्दों पर फोकस
रुद्रपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे के दौरान रुद्रपुर में पार्टी की चुनावी तैयारियों को लेकर अहम मंथन हुआ। हल्द्वानी में जनसभा को संबोधित करने के बाद रुद्रपुर पहुंचे खड़गे ने कांग्रेस के विधायकों, वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने तथा जनता के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखी। नेताओं ने जनता से जुड़े मुद्दों, पार्टी की मौजूदा स्थिति और आगामी चुनाव में कांग्रेस को किस रणनीति के साथ जनता के बीच जाना चाहिए, इसे लेकर अपने सुझाव दिए। पार्टी नेताओं के मुताबिक बैठक सकारात्मक माहौल में हुई और इसमें चुनावी तैयारियों को समय रहते गति देने पर विशेष जोर दिया गया। रुद्रपुर बैठक में खड़गे ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन की मजबूती को चुनावी सफलता की बुनियाद बताते हुए नेताओं से आपसी समन्वय बनाए रखने और प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका देने पर जोर दिया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव को साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को छोटी-मोटी बातों से निराश नहीं होने और पूरी ताकत के साथ जनता के बीच काम करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियां अंतिम समय में नहीं, बल्कि अभी से जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। बैठक में प्रदेश की भाजपा सरकार की कार्यशैली और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी रोजगार, शिक्षा, महंगाई, विकास, युवाओं के भविष्य और आम लोगों से जुड़े सवालों को प्रमुखता से जनता के बीच ले जाएगी। पार्टी नेताओं का कहना था कि कांग्रेस को केवल चुनाव के समय सक्रिय होने के बजाय लगातार जनता के बीच रहकर स्थानीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों को उठाना होगा। इसके लिए संगठन को जिला, विधानसभा, ब्लॉक और बूथ स्तर पर सक्रिय करने की रणनीति पर भी जोर दिया गया।
Gen Z को साधने की रणनीति, युवाओं के मुद्दे होंगे केंद्र में
रुद्रपुर की बैठक में Gen Z यानी नई युवा पीढ़ी से जुड़े मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवा आज शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीक और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल पूछ रहे हैं। पार्टी इन मुद्दों को आने वाले समय में और मजबूती से जनता के बीच उठाएगी। उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी ने युवाओं और Gen Z से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य, शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को कांग्रेस लगातार जनता के बीच ले जा रही है और आगे भी इन सवालों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।