चोरी का खुलासाः ऊधम सिंह नगर में ऑपरेशन प्रहार का बड़ा असर! दो युवक गिरफ्तार, जेवरात समेत पकड़े गए आरोपी

Theft Case Solved: 'Operation Prahar' Makes Major Impact in Udham Singh Nagar! Two Youths Arrested; Accused Apprehended with Jewelry.

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत कुंडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सरवरखेड़ा गांव में घर में घुसकर जेवरात चोरी करने के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए पीली धातु का एक हार, सफेद धातु की तीन अंगूठियां और चार बिछुए बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को सरवरखेड़ा निवासी बाबू हुसैन ने कोतवाली कुंडा में सूचना दी थी कि दिन के समय अज्ञात चोर उनके घर में घुस गए और घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया। इस मामले में कोतवाली कुंडा में FIR संख्या 201/2026 के तहत धारा 305A, 331(3), 351(3) और 352 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास सुरागरसी-पतारसी शुरू करने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस लगातार संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध युवकों के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने किमाया बैंकट हॉल के बाईं ओर जाने वाली सड़क के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और उनकी तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से बाबू हुसैन के घर से चोरी किए गए जेवर बरामद हुए। बरामद सामान में एक पीली धातु का हार, तीन सफेद धातु की अंगूठियां और चार सफेद धातु के बिछुए शामिल हैं। चोरी का सामान बरामद होने के बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की। इसके बाद दोनों आरोपियों को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद उर्फ सज्जू पुत्र अब्दुल रशीद, निवासी ग्राम सरवरखेड़ा, कुंडा, उम्र 23 वर्ष और अरमान पुत्र अहमद नबी उर्फ नविया, निवासी ग्राम सरवरखेड़ा, कोतवाली कुंडा, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई एसएसपी अजय गणपति के कुशल निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। चोरी की घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए टीम गठित की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके परिणामस्वरूप घटना के कुछ ही समय बाद दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज सिंह देव, कांस्टेबल बृजेश कुमार और कांस्टेबल राजकुंवर बोरा शामिल रहे।