मुंबई में बड़ा अग्निकाण्डः अचानक उठी लपटें! जिंदा जल गए एक ही परिवार के तीन लोग, इलाके में पसरा मातम
नई दिल्ली। मुंबई में आज सुबह-सुबह एक बड़ा अग्निकाण्ड हो गया। यहां गोरेगांव इलाके में एक मकान में भीषण आग लग गयी। इस अग्निकाण्ड में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह मुंबई के गोरेगांव इलाके में आग लगने का मामला सामने आया। यहां भगत सिंह नगर में एक रिहायशी इमारत में आग लग गई। जानकारी के मुताबिक प्रभावित एक मंजिला इमारत राजाराम लेन में स्थित है। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बिजली की सप्लाई काट दी। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के बाद तीन लोगों को घर के अंदर से बाहर निकाला गया, जो काफी ज्यादा झुलस गए थे। आनन-फानन में तीनों को ट्रॉमा केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान हर्षदा पावस्कर, कुशल पावस्कर और संजोग पावस्कर के रूप में हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इधर अग्निकाण्ड के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी।